
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान चुरहट विधानसभा क्षेत्र में 2 सितंबर की रात्रि में मुख्यमंत्री के रथ पर भारी पथराव किया गया, जिसके कारण रथ क्षतिग्रस्त हो गया. मुख्यमंत्री उस समय रथ में मौजूद थे, कुछ भी अनहोनी घटित हो सकती थी.
उक्त आशय की शिकायत पार्टी के वरिष्ठ नेता विजेन्द्रसिंह सिसौदिया, शांतिलाल लोढ़ा, एस.एस. उप्पल एवं संतोष शर्मा ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से की है. शिकायत पत्र में कांग्रेस द्वारा प्रदेश में शांतिपूर्ण एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण को बिगाड़ने का जिक्र करते हुए इसे रोकने की मांग की गयी है. निर्वाचन पदाधिकारी को सौंपी गयी शिकायत में कहा गया है कि इस घटना के संबंध में पुलिस ने जिन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, उनमें कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष रामविलास पटेल, कांग्रेस के आईटी सेल के जिला अध्यक्ष पंकज सिंह, चुरहट ब्लाक आईटी सेल के कोआर्डिनेटर शिवेन्द्र सिंह आदि शामिल हैं. पुलिस के द्वारा गिरफ्तार किए गए अन्य व्यक्तियों में से भी कई तो कांग्रेस के पदाधिकारी हैं. इससे यह स्पष्ट होता है कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान पर हमला कांग्रेस पार्टी के द्वारा पूर्व सुनियोजित ढंग से कराया गया है. पत्र में कहा गया है कि जनआशीर्वाद यात्रा का आयोजन पूरे प्रदेश में किया जा रहा है किंतु मुख्यमंत्री जी के रथ पर चुरहट विधानसभा में ही पथराव होना कई शंकाओं को जन्म देता है.
शिकायत में भाजपा नेताओं ने कहा है कि कांग्रेस लगातार मुख्यमंत्री जी के लिए अपशब्दों का प्रयोग करती आ रही है, लेकिन हमारी पार्टी एवं कार्यकर्ता संयम बरत रहे है. कांग्रेस पार्टी मुख्यमंत्री की जनआशीर्वाद यात्रा को प्राप्त हो रहे भारी जनसमर्थन से बौखलाकर इस तरह के हमले करवा रही है, जो प्रदेश की शांतिप्रिय जनता के लिए निश्चित रूप से अवांछनीय है. ऐसी आशंका है कि कांग्रेस पार्टी भविष्य में इस तरह के हमलों में वृद्धि करेगी ताकि प्रदेश में अराजकता का वातावरण निर्मित किया जा सके. प्रदेश के शांतिपूर्ण वातावरण को आगामी विधानसभा चुनाव के पूर्व कांग्रेस पार्टी सुनियोजित हमलों एवं साम्प्रदायिक बयानों से बिगाड़ने का प्रयास कर रही है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से अनुरोध किया गया है कि कांग्रेस पार्टी को प्रदेश के शांतिपूर्ण एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण को बिगाड़ने से रोका जाए ताकि आगामी विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो सके.
षडयंत्रकारी ताकतें नहीं चाहतीं भाजपा सत्ता में रहे
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने सीधी में कार्यकर्ताओं की बैठक में कहा कि दुनिया की बड़ी से बड़ी ताकतें पूरा प्रयास कर रही हैं कि भाजपा की सरकार न बने. इसके लिए कई षडयंत्र रचे जा रहे हैं. समाज को वर्ग, समुदाय, सम्प्रदाय के आधार पर बांटने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने पूरी दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ाया है. बड़े-बड़े देश मोदी की प्रशंसा कर रहे हैं. भारत दुनिया के प्रमुख देशों में शुमार हो चुका है. विरोधी इस बात को भलीभांति जानते हैं कि यदि दूसरी बार केन्द्र में भाजपा की सरकार बन गई तो भारत पूरी दुनिया का नेतृत्व करेगा. इसलिए बड़ी ताकतें भारत को टुकड़ों में बांटना चाहती हैं, भाजपा को रोकना चाहती हैं, लेकिन देश की जनता आज भाजपा के साथ खड़ी हुई है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें