राजधानी भोपाल के राजाभोज विमानतल पर एक बार फिर जिंदा कारतूस पकड़ाए है. ये कारतूस पूर्व सांसद की पत्नी के बैग से मिले है. गांधी नगर थाना पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और पूछताछ की है.
जानकारी के अनुसार जिस महिला के बैग से जिंदा कारतूस मिले हैं, वह भोपाल के पूर्व सांसद सुरेन्द्र सिंह ठाकुर की पत्नी है. महिला जेट एयरवेज की फ्लाइट से दिल्ली जा रही थी. फ्लाइट पर चढ़ने से पहले सुरक्षाकर्मियों ने जब उनके बैग की तलाशी ली, तो उसमें दो जिंदा कारतूस बरामद हुए. सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल इस बात की सूचना विमानतल पर तैनात सीआईएसएफ यूनिट को दी. सीआईएसएफ यूनिट ने जब महिला से जिंदा कारतूस के बारे में पूछा, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाईं. इसके बाद सीआईएसएफ ने महिला को पूछताछ के लिए गांधी नगर पुलिस के हवाले कर दिया.
गांधी नगर थाना पुलिस ने ,बताया कि महिला की पहचान अंजली ठाकुर पति सुरेन्द्र सिंह ठाकुर निवासी 74 बंगले, के रूप में हुई है. पूछताछ में अंजली ठाकुर द्वारा बताया गया है कि यह जिंदा कारतूस उनकी लाइसेंसी पिस्टल के हैं. उनके पास कारतूस का लाइसेंस भी मौजूद है. पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच जारी है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें