शुक्रवार, 20 जुलाई 2018

मोहल्लेवार समितियां गठित करें


प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष कमलनाथ ने कांगे्रस नगरीय निकाय प्रकोष्ठ की बैठक में कहा कि शहरों के हर वार्ड में मोहल्लेवार समितियां गठित की जाकर उन्हें बूथवार जिम्मेदारी दें. 
उन्होंने कहा कि आज की राजनीति में वार्ड का नेता नहीं, बल्कि मोहल्ले के नेता की चलती है. हमें हर वार्ड में स्थानीय लोगों को जोड़कर छोटे यूनिट वाला संगठन बनाना है और कांगे्रस की बात लोगों तक पहुंचाना है. चुने हुए भाजपा जनप्रतिनिधि को फोकस कर स्थानीय स्तर पर उसकी कमियों को उजागर करें. कमलनाथ ने कहा कि सभी लोग समिति बनाने के पूर्व क्राईटएरिया तय कर लें. समिति के गठन में वर्तमान पार्षद, पूर्व पार्षद, पार्षद प्रत्याशी और जिन्हें चुनाव का अनुभव है, ऐसे लोगों को प्राथमिकता दें. इन समितियों को बूथवार स्थानीय रणनीति बनाने की जिम्मेदारी दी जाए. हर जगह वार्ड की अलग-अलग रणनीति वहां की प्राथमिकता के अनुसार बनाएं. उन्होंने कहा कि कांगे्रस के सभी बड़े पदाधिकारी अपनी सुविधानुसार प्रदेश में चुनावी दौरा करेंगे. 
दीपक बावरिया ने कहा कि पार्षद लोग अपने मोहल्ले की हर गली से परिचित हैं. वहां पर हिसाब दो-जवाब दो नारे के साथ लगातार छोटे-छोटे आंदोलन करें. घर-घर जाकर कांगे्रस की बात करें, साथ ही दरी-आंगन बैठकें और नुक्कड़ सभाएं भी करें. बैठक में सुझाव दिया गया कि जनता को बताया जाए कि किस तरह भाजपा सरकार ने कांगे्रस की योजनाओं के नाम बदलकर उसे अपनी योजना बताकर वाहवाही लूटी है. बैठक में यह भी सुझाव दिया गया कि प्रत्येक कांगे्रसी अपने घर के ऊपर कांग्रेस का झंडा लगाए. संभागीय स्तर पर सम्मेलन आयोजित किए जाएं. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें