![]() |
| कमलनाथ |
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा कांग्रेस को कोसने व विकास को लेकर किये जा रहे बड़े- बड़े दावों पर सवाल उठाते हुए शिवराज से उनका जवाब मांगा है. साथ की प्रदेश की जनता से भी कहा है कि शिवराज की जनआशीर्वाद यात्रा जब आपके बीच आये, तब उनसे ये सवाल जरूर पूछे. इससे पिछले 15 वर्ष में भाजपा सरकार में प्रदेश की विकास की तस्वीर व वास्तविकता आपको खुद स्पष्ट हो जायेगी.
कमलनाथ ने कहा कि शिवराज कहते है कि उनकी सरकार ने प्रदेश को बीमारु राज्य से बाहर निकाल दिया, विकसित प्रदेश बना दिया. हर क्षेत्र में विकास किया, हर वर्ग का भला किया तो फिर उन्हें इन प्रश्नों का उत्तर जरूर देना चाहिये, जिससे प्रदेशवासियों के सामने सच्चाई सामने आ सके. उन्होंने कहा कि प्रदेश के ऐसे 10 सरकारी अस्पताल बताइये, जहां मरीजों को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध हो, डॉक्टर सदैव उपलब्ध हों, गरीबों को आवश्यक दवाइयां समय पर मिलती हों? जहां आप या आपके मंत्री इलाज के लिये जाते हों?, प्रदेश के ऐसे 10 सरकारी स्कूल बताइये, जहां गरीब बच्चों को अच्छी शिक्षा मिलती हों. जहां पर्याप्त शिक्षक हो, पीने का स्वच्छ पानी उपलब्ध हो, बिजली हो, खेल मैदान हो, जहां बच्चों का रिजल्ट शत प्रतिशत आता हो, जिन्हें हम आदर्श स्कूल कह सके. जहां आपके मंत्रियों के बच्चे पढ़ते हो?, प्रदेश के ऐसे 10 इलाके बताइये, जहां बहन-बेटियों के लियें सुरक्षित माहौल हो. जहां बहन- बेटियां बेखौफ किसी भी समय घूम सके, जहां छेड़छाड़ की घटनाएं घटित न होती हों? , प्रदेश के 10 इलाके (मंडी) बताइये, जहां किसान कह सके कि आपकी सरकार में उनके लिये खेती लाभ का धंधा बन चुकी है. उन्हें उनकी उपज की लागत व सही दाम मिल रहा है. उन्हें भावांतर योजना आने से फायदा हुआ है. उनकी फसलों के दाम इस योजना के बाद बढ़े है?, ऐसे 10 इलाक् बताइये, जहां का युवा कह सके कि शिवराज सरकार आने के बाद उनके रोजगार के अवसर बढ़े है, उन्हें रोजगार मिला हो? प्रदेश में औद्योगिक निवेश आया हो, जिससे रोजगार के अवसर बढ़े हों?, नर्मदा नदी के 10 तट बताइये, जहां प्रदेशवासी जाकर आपके द्वारा लगाये गये 6.67 करोड़ पौधों में से सैकड़ों पौधे ही देखकर आ सके?, नर्मदा नदी के ऐसे 10 इलाके बताइये, जहां अवैध उत्खनन से मां नर्मदा नदी का आंचल छलनी न हुआ हो?, ऐसे कोई 10 सरकारी विभाग बताइये, जहां बगैर रिश्वत के जनता के काम समय पर संपन्न होते हैं? जहां भ्रष्टाचार व घोटाले न हुए हों? जहां भ्रष्टाचार को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ की स्थिति हो?, आपके क्षेत्र की ऐसी कोई 10 सड़के बताइये, जिसे आपकी सरकार ने अमेरिका से अच्छी बनवायी हों? जिसे प्रदेशवासी जाकर देखकर प्रदेश में अमेरिका का अहसास कर सके., ऐसे कोई 10 गांव बताइये, जहां किसानों को 24 घंटे बिजली सिंचाई के लिये मिलती हो?

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें