शुक्रवार, 20 जुलाई 2018

एटीएम लेकर बुजुर्ग के खाते से निकाले डेढ़ लाख


राजधानी  के कोलार थाना क्षेत्र में एक  बुजुर्ग व्यक्ति धोखाधड़ी का शिकार हुआ है. दो अज्ञात आरोपियों ने  एटीएम में मौजूद रहकर बुजुर्ग को पैसा निकालने का झूठा आश्वासन दिया और उनके खाते से डेढ़ लाख रुपए निकाल लिए. बुजुर्ग को दो माह बाद जब रुपए निकल जाने की बात का पता चला तो थाने जाकर उन्होंने शिकायत दर्ज कराई.
कोलार पुलिस के अनुसार  रामगोपाल शर्मा पिता छोगमल शर्मा की शिकायत पर अज्ञात दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.  पुलिस का कहना है कि बीती 14 मई की सुबह 11 बजे  रामगोपाल बीमाकुंज परफेक्ट प्लाजा के सामने स्थित एसबीआई एटीएम पैसे निकालने के लिए गए हुए थे. उम्र का तकाजा होने के कारण रामगोपाल शर्मा एटीएम मशीन से पैसे नहीं निकाल पा रहे थे.  बुजुर्ग को देखकर दो अज्ञात युवक उनके पास आए और एटीएम से पैसे निकालने की बात कही. इस दौरान युवकों ने बुजुर्ग के एटीएम का पिन कोड पूछ लिया. पैसे निकालने के बाद आरोपियों ने रामगोपाल शर्मा के एटीएम कार्ड को अपने कार्ड से बदल लिया.  पुलिस का कहना है कि एटीएम कार्ड हासिल करने के बाद दोनों युवकों ने रामगोपाल शर्मा के बैंक अकाउंट से 1 लाख 40 हजार रुपए निकाल लिए. रामगोपाल शर्मा को इस बात का पता उस समय लगा, तो उनके मोबाइल फोन पर रुपए निकलने का मैसेज आए. इसके बाद रामगोपाल शर्मा ने थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई. पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज करने के बाद से अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक जांच में एटीएम परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें