शनिवार, 11 अगस्त 2018

एटीएम कार्ड फंसाकर निकालते थे पैसे, गिरफ्तार किए

राजधानी भोपाल की अशोका गार्डन पुलिस ने एटीएम फ्रॉड के आरोप में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है. आरोपी एटीम में कार्ड फंसाकर रकम निकालते थे और फिर मशीन बंदकर बैंक से पैसा ऐंठ लेते थे. आरोपी कई राज्यों में इस तरह की वारदात को अंजाम दे चुके हैं. बताया जा रहा है कि ये आरोपी तिहाड़ जेल में भी सजा काट चुके हैं.
जानकारी के अनुसार शहर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए है कि वह दिन दहाड़े भीड़ भाड़ वाले इलाको पर चोरी और लूट की वारदातों को खुलेआम अंजाम दे रहे है. हाल ही में भोपाल डीआईजी ने बैंक मैनेजरों की मीटिंग लेकर उन्हें एटीएम में सुरक्षा गार्ड तैनात करने और कैमरे व्यवस्थित करवाने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बाद भी इन निर्देशों का पालन नहीं किया गया और इसी का फायदा उठाते हुए अशोकागार्डन क्षेत्र में तीन बदमाशों ने एटीएम मशीन से कैश चोरी करने का प्रयास किया.
हालांकि पुलिस ने आरोपियों को रंगे हाथों धर दबोचा. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने एटीएम से पैसे निकालने की यह तकनीक इंटरनेट से सीखी थी. ये शातिर चोर एटीएम कार्ड और पिन नंबर डालने के बाद मशीन बंद कर देते हैं और जब मशीन में पैसा अटक जाता तो मशीन में फंसे रुपयों को ये निकाल लेते थे. जिसके बाद बैंक में रुपए न मिलने की शिकायत करते थे और आवेदन देकर वे उसी खाते में रकम डलवा लेते थे.
यह शातिर चोर भोपाल सहित, कई शहरों में इस तरह की वारदात को अंजाम दे चुके हैं. पुलिस ने इनके पास से 100 से ज्यादा एटीएम कार्ड और पासवर्ड लिस्ट बरामद की है. यह बैंक को अब तक लाखों रूपये का चूना लगा चुके हैं. पुलिस का मानना है कि इनके गिरोह में कुछ और सदस्य भी शामिल हो सकते है.
हथियार तस्कर गिरफ्तार
विकलांगता की आड़ में अवैध हथियारों की गैरकानूनी रूप से तस्करी करने वाले तीन आरोपियों को राजधानी भोपाल की क्राइम ब्रांच पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं.भोपाल क्राइम ब्रांच पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान मनोज लोधी पिता नारायण सिंह लोधी उम्र 27 वर्ष निवासी विदिशा, रवि मालवीय पिता राधेश्याम मालवीय उम्र 19 वर्ष निवासी विदिशा और अनिल लोधी पिता कांशीराम लोधी उम्र 18 वर्ष निवासी विदिशा, के रूप में हुई है.
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के कब्जे से दो देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और तस्करी में प्रयुक्त मोटर साइकिल बरामद की गई है. पुलिस का कहना है कि पकड़ाए गए आरोपी विकलांगता की आड़ में अवैध हथियारों की तस्करी करते थे. आरोपियों से पूछताछ जारी है. पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें