
कांग्रेस ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि सत्ता मद में चूर भाजपा झूठ का सहारा ले रही है और सांसद सिंधिया के खिलाफ झूठा प्रचार कर रही है.भाजपा कांग्रेस और उनके नेताओं से भयभीत होकर असत्य और अनर्गल प्रचार-प्रसार कर रहे हैं. यह बात आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कोलारस के विधायक महेन्द्र सिंह यादव ने कही. इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी मानक अग्रवाल, प्रवक्ता पंकज चतुवेर्दी भी मौजूद रहे. इस अवसर पर विधायक महेन्द्र यादव ने यह भी कहा कि इस सारे मामले की शिकायत करने के लिए वे साइबर थाने भी जाएंगें.
दरअसल, बीते दो दिनों से सोशल मीडिया पर कोलारस के दिवंगत कांग्रेस विधायक स्वर्गीय रामसिंह यादव का एक वीडियो वायरल हो रहा है. कांग्रेस का आरोप है कि यह भाजपा द्वारा वायरल किया जा रहा है.जिसमें स्वर्गीय यादव को ब्रजकिशोर शर्मा के रूप में दर्शाकर ऐसा असत्य रूप से प्रचारित किया जा रहा है कि सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कथित तौर पर ब्रजकिशोर शर्मा के रूप में ब्राम्हण का अपमान किया है. इस मामले में दिवंगत विधायक रामसिंह यादव के बेटे और वर्तमान कोलारस के विधायक महेन्द्रसिंह यादव का कहना है कि वे स्वयं उस समय मंच पर मौजूद थे, जिस समय का यह वीडियो है. सांसद सिंधिया स्वर्गीय रामसिंह यादव को एक पारिवारिक बुजुर्ग के नाते जो आदर और सम्मान करते थे और रामसिंह दादा के अस्वस्थ होने की जानकारी सिंधिया को थी, इसलिए उन्होंने रामसिंह दादा से आग्रहपूर्वक मंच से उतर जाने के लिए निवेदन किया था और उन्होंने कहा था कि दादा आप मंच पर ना आयें अपितु घर जाकर विश्राम करें और दिल्ली जाकर उपचार करायें. उस समय भी इस वीडियो का दुष्प्रचार भाजपा द्वारा करने पर रामसिंह दादा ने स्वयं इस दुष्प्रचार का खंडन किया था. विधायक महेन्द्र यादव ने कहा कि बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा के लोग आगामी चुनाव में अपनी पराजय को लेकर चिंतित है और इसलिए दुष्प्रचार की मंशा से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को बदनाम करने का षड्यंत्र रच रहे हैं. खेद है कि मेरे पिता के नाम को किन्ही ब्रजकिशोर शर्मा के नाम से प्रस्तुत करके भाजपा इस वीडियो के माध्यम से जातीय विद्वेष उत्पन्न करने का घिनौना राजनीतिक खेल खेल रही है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें