रविवार, 1 जुलाई 2018

मालवा-निमाड़ बना भाजपा के लिए चिंता का कारण

 संघ के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल हैं सक्रिय
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए इस बार मालवा-निमाड़ प्रमुख राजनीतिक दलों कांग्रेस, भाजपा के लिए केन्द्र बनेगा. भाजपा को इस अंचल की चिंता अभी से सताने लगी है. इसके पीछे किसान आंदोलन के बाद अब मंदसौर का बलात्कार मामला है. इन मुद्दों को लेकर सरकार घिरती नजर आ रही है.  वैसे भाजपा की गिरती साथ को देख इस अंचल में संघ ने सक्रियता भी बढ़ाई है.
मध्यप्रदेश में भाजपा के लिए इस बार मालवा-निमाड़ चिंता का कारण बनता जा रहा है. भाजपा के लिए पहले यहां पर किसान आंदोलन के दौरान हुई गोलीबारी और अब बच्ची के साथ हुए बलात्कार ने चिंता में डाल दिया है. कांग्रेस ने भाजपा को इन मुद्दों घेरना शुरु कर दिया है. पूर्व केन्द्रीय मंत्री और कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया ने तो इन दोनों मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से इस्तीफे की मांग तक कर दी है. सिंधिया और कांग्रेस के अन्य नेताओं के आ रहे बयानों से भाजपा घिरती नजर आ रही है. वैसे भी भाजपा मंदसौर में किसान गोलीकांड की बरसी पर हुई कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की सभा के बाद से चिंतित थी. मालवा में राहुल गांधी के अलावा सिंधिया की सक्रियता ने भाजपा को चिंता में डाला हुआ है. इसके  चलते इसी माह मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान जनआशीर्वाद यात्रा भी इसी अंचल के उज्जैन से निकाल रहे हैं. भाजपा ने आशीर्वाद यात्रा के शुभारंभ अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को बुलाया है, ताकि इस अंचल में यात्रा के बहाने कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाई जा सके. इसके अलावा मालवा में संघ ने भी सक्रियता दिखाना तेज कर दी है. संघ के पदाधिकारी मालवा अंचल में नाराज चल रहे कार्यकर्ताओं से संपर्क कर उनकी नाराजगी को दूर करने का काम कर रहे हैं.  वहीं भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल भी मालवा में सक्रिय हैं. वे उज्जैन के अलावा इंदौर संभाग के पदाधिकारियों की बैठक कर चुके हैं. उनकी बैठकों का दौर अब भी जारी है.वैसे मालवा पहले से ही संघ का गढ़ रहा है, इस लिहाज से संघ भी इन दो घटनाओं किसान गोलीकांड और फिर अब बालिका के साथ हुए बलात्कार की घटना को लेकर चिंंतित है. संघ पदाधिकारियों का मानना है कि इस बार इन दो घटनों का असर भाजपा पर पड़ सकात है.
कांग्रेस ने भी सक्रियता बढ़ाई
कांग्रेस ने भी मालवा के अलावा निमाड़ अंचल में सक्रियता दिखानी शुरु कर दी है. कांग्रेस की ओर से ज्योतिरादित्य सिंंधिंया पहले से ही मालवा में लगातार दौरे कर रहे हैं. उन्होंने चुनावी अभियान की शुरुआत ही उज्जैन से एक बड़ी सभा करके की थी. इसके पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की मंदसौर में सभा हो चुकी है. वहीं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया भी इस अंचल में सक्रिय हैं. निमाड़ अंचल में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव की सक्रियता रही, मगर वे इन दिनों उतने सक्रिय नजर नहीं आ रहे हैं. हालांकि यादव के अलावा निमाड़ अंचल में  दिग्विजयसिंह की सक्रियता दिखाई दी है. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें