बुधवार, 1 अगस्त 2018

जिलों में बनेंगे शिक्षक सदन


स्कूल शिक्षा विभाग शिक्षक कल्याण प्रतिष्ठान में दी जाने वाली अंशदान राशि से जिलों में शिक्षक सदन का सुदृढ़ीकरण का कार्य कराएगा. जिन जिलों में शिक्षक सदन नहीं हैं, वहां 10 कमरे और संभागीय मुख्यालय में 20 कमरे के शिक्षक सदन का निर्माण कराया जाएगा. 
इस संबंध में आयुक्त लोक शिक्षण जयश्री कियावत ने संभागीय कार्यालय के संयुक्त संचालक शिक्षा और जिला शिक्षाधिकारी को निर्देश जारी किए हैं. इसके साथ ही, प्रदेश के शिक्षकों द्वारा शिक्षक कल्याण प्रतिष्ठान को वर्तमान में दिए जा रहे वार्षिक अंशदान की राशि में वृद्धि के संबंध में नए निर्देश जारी किए गए हैं. वर्तमान में स्कूल शिक्षा विभाग में पदस्थ सहायक शिक्षक 25 रुपए, शिक्षक 50 रुपए और व्याख्याता एवं प्राचार्य से 100 रुपए वार्षिक स्वैच्छिक अंशदान की राशि एकत्र की जाती है. बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार अब सहायक शिक्षक से 100 रुपए, शिक्षक से 150 रुपए तथा प्राचार्य एवं व्याख्याता से 200 रुपए और सहायक संचालक एवं उनसे वरिष्ठ अधिकारी से 300 रुपए प्रति वर्ष अंशदान स्वैच्छिक रूप से शिक्षक कल्याण प्रतिष्ठान में जमा करवाया जाएगा. वर्ष 2018-19 का अंशदान जुलाई-अगस्त माह में स्वैच्छिक रूप से शिक्षकों से प्राप्त कर शिक्षक कल्याण प्रतिष्ठान, इलाहाबाद बैंक, गौतम नगर, भोपाल की शाखा में जमा करवाया जाएगा.
जिले से जो राशि शिक्षक कल्याण प्रतिष्ठान में अंशदान के रूप में जमा होगी, उसकी 20 प्रतिशत राशि संबंधित संभागीय संयुक्त संचालक एवं 30 प्रतिशत राशि संबंधित जिला शिक्षाधिकारी को शिक्षक कल्याण प्रतिष्ठान की गतिविधियों के संचालन के लिए उपलब्ध करवाई जाएगी. शेष 50 प्रतिशत राशि शिक्षक कल्याण प्रतिष्ठान, लोक शिक्षण संचालनालय में प्रतिष्ठान की गतिविधियों के लिए रखी जाएगी.
शिक्षक कल्याण प्रतिष्ठान से शिक्षकों, अध्यापकों और उनके आश्रितों को गंभीर बीमारी में दी जा रही आर्थिक सहायता राशि में भी वृद्धि की है. गंभीर बीमारी होने पर 10 हजार रुपए तक की राशि जिला शिक्षाधिकारी और 20 हजार रुपए तक की राशि संभागीय संयुक्त संचालक, स्कूल शिक्षा द्वारा मंजूर की जा सकेगी. जिला शिक्षाधिकारी की अनुशंसा पर आयुक्त लोक शिक्षण गंभीर बीमारी पर शिक्षकों के आश्रितों एवं शिक्षकों को 50 हजार रुपए तक की राशि मंजूर कर सकेंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें