शुक्रवार, 10 अगस्त 2018

महिला पत्रकारिता पर संगोष्ठी आज से


माधवराव सप्रे स्मृति समाचारपत्र संग्रहालय एवं शोध संस्थान, भोपाल 11 एवं 12 अगस्त को महिला पत्रकारिता पर राष्ट्रीय संगोष्ठी ‘पत्रकारिता में आधी दुनिया’का आयोजन कर रहा है.
संगोष्ठी का शुभारंभ  राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 11 अगस्त को पूर्वाह्न 11.30 बजे करेंगी. महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिन्दी विश्वविद्यालय, वर्धा के कुलपति प्रोफेसर गिरीश्वर मिश्र अध्यक्षता करेंगे. माखनलाल चतुवेर्दी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल के कुलपति जगदीश उपासने तथा कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति डा. मानसिंह परमार विशिष्ट अतिथि होंगे. पत्रकार-प्राध्यापक डा. वर्तिका नंदा विषय प्रवर्तन करेंगी.
सप्रे संग्रहालय के संस्थापक-संयोजक विजयदत्त श्रीधर ने बताया कि महिला पत्रकारिता राष्ट्रीय संगोष्ठी में महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिन्दी विश्वविद्यालय, वर्धा के कोलकाता केन्द्र, माखनलाल चतुवेर्दी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल तथा कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के विद्यार्थी विशेष रूप से सहभागिता कर रहे हैं. समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कार्यरत महिला पत्रकार विचार विमर्श में भागीदारी करेंगी. संगोष्ठी के विमर्श और निष्कर्षों का पुस्तक रूप में दस्तावेजीकरण भी किया जाएगा. संगोष्ठी के समन्वयक की भूमिका प्रोफे. डा. कृपाशंकर चौबे निभाएंगे.
इन विषयों पर होगा विमर्श 
* समाचारों की दुनिया में स्त्री.
*पत्रकारिता में स्त्री सहभागिता.
* महिला पत्रकार: संभावनाएँ और चुनौतियां.
* महिला पत्रकार: अवदान और उपलब्धियां.
* महिला पत्रकारिता: प्रवृत्तियाँ और सरोकार.
* विज्ञापनों में नारी.
* सिनेमा में नारी.
* सोशल मीडिया में नारी.
* टी.वी. चैनलों में नारी.
* पत्रकारिता में महिला चेतना
* पत्रकारिता की भाषा और वर्तनी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें