शुक्रवार, 3 अगस्त 2018

आसान नहीं रहेगा चुनाव ड्यूटी से बचना

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डा. सुदाम खाडे ने मतदाता सूची कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित तिथि तक प्राप्त आवेदनों के नाम सूची में शामिल हो सकें इसके लिए प्राप्त दावे-आपत्तियों का प्रतिदिन परीक्षण एवं निराकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करें. 
मानव क्षमता प्रबंधन पर चर्चा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि अस्वस्थता के आधार पर निर्वाचन ड्यूटी से सहजतापूर्वक छूट प्राप्त नहीं होगी. ऐसे प्रकरणों में मेडीकल बोर्ड से रिपोर्ट ली जाएगी कि निर्वाचन कार्य के लिये शारीरिक अक्षमता बताने वाले आवेदक शासकीय सेवा के योग्य हैं भी अथवा नहीं. ऐसे सभी प्रकरणों पर चिकित्सा बोर्ड के परामर्श और गुण-दोष के आधार पर दीर्घकालिक निर्णय के प्रस्ताव भी बनेंगे. 
   डॉ. खाडे ने निर्वाचन प्रबंधन संबंधी बैठक में कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता पहचान पत्र से वंचित न रहे. उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश के निदेर्शों के अनुरूप मतदाता जागरूकता भी महत्वपूर्ण कार्य है, इसे अपने स्तर से हर अधिकारी निरंतर जारी रखे. डा.  खाडे ने कहा कि अभी जागरूकता वेन विधानसभा क्षेत्रों में घूम रही है. शीघ्र ही मतदाताओं को ईव्हीएम एवं व्हीव्हीपेट के संचालन संबंधी जानकारी देने की व्यवस्था कईं स्थानों पर की जाएगी. कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि विधानसभा क्षेत्रवार थाने और प्रत्येक थाने के अंतर्गत जितने मतदान केन्द्र हैं उनका पुलिस अधिकारियों के साथ निरीक्षण समय पर कर लिया जाये.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें