गुरुवार, 9 अगस्त 2018

ब्यूटी विद ब्रेन लांच किया भाजपा ने


मध्यप्रदेश में चुनावी साल के चलते सोशल मीडिया पर राजनीतिक घमासान ने रोमांचक मोड़ ले लिया, भाजपा ने आभासी दुनिया के योद्धाओं के बीच ग्लैमर का तड़का लगाते हुए मिस सोशल कॉन्टेस्ट लांच करने का फैसला लिया.
ब्यूटी विद ब्रेन के नाम से लांच किए गए इस कैम्पेन का मकसद सोशल मीडिया पर मुख्य प्रतिद्वंदी कांग्रेस पार्टी की धार को कुंद करना है.  भाजपा ने 17 से 30 आयु वर्ष के बीच की महिलाओं के लिए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित कराने की घोषणा की है. प्रतिभागियों की आवश्यक योग्यता सोशल मीडिया में उनकी दक्षता और केंद्र तथा राज्य सरकार की योजनाओं के प्रति जागरुकता ही है. भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्षा लता ऐल्कर ने एक अंग्रेजी अखबार को बताया, ह्यइस पहल का उद्देश्य उन महिलाओं के लिए है जो सरकारी योजनाओं के फायदे तथा महिलाओं से जुड़े मुद्दों को लोगों के बीच प्रसारित करना चाहती हैं. प्रतिभागियों के लिए जरुरी है कि वे फेसबुक, ट्विटर, वॉट्सऐप, इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर मौजूद हों.
उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के लिए इच्छुक प्रतियोगी 31 अगस्त तक ही अप्लाई कर सकते हैं। हम सभी प्रतियोगियों की स्क्रूटनी करेंगे, जिसमें से 50 नंबर के सवालों के अलावा 50 नंबर सोशल मीडिया पर सहभागिता के लिए भी दिया जाएगा. यह प्रतियोगिता 16 सितंबर को आयोजित होगी तथा परिणाम 26 सितंबर तक आएंगे. हम महिलाओं तक अपनी पहुंच बढ़ाना चाहते हैं.
एल्कर ने बताया कि यह प्रतियोगिता जिला, डिविजन तथा प्रदेश स्तरों पर आयोजित की जाएगी. इसमें प्राइज के तौर पर मोबाइल फोन, टैब और लैपटॉप का वितरण किया जाएगा. ऐसा करने से महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक तथा समाज की बुराइयों से लड़ने का हौसला भी आएगा.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें