शुक्रवार, 3 अगस्त 2018

मैं दिल्ली नहीं जाऊंगा, मध्यप्रदेश पहली प्राथमिकता



प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने समाज और संगठन के प्रतिनिधियों से मुलाकात की. इसमें समाज और संगठन को जोड़ने के साथ कांग्रेस पार्टी को समर्थन देने पर जोर दिया गया. कमलनाथ ने पत्रकारों से चचार् करते हुए कहा कि मैं यहां एक बार फिर से मुख्यमंत्री से 10 सवालों के जवाब मांगता हूं. ये सभी सवाल जनहित व विकास से जुड़े हैं. मुख्यमंत्री जवाब देने की बजाय, उलटा हम से ही सवाल पूछ रहे हैं.
कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सिंह प्रदेश की सड़कों की तुलना महाराष्ट्र, गुजरात सहित अन्य राज्यों से करें तो समझ आता है, लेकिन वे अमेरिका की रट क्यों लगाए हुए हैं. वहीं, कमलनाथ ने दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा बुलाई गई बैठक पर कहा कि मैं दिल्ली नहीं जाऊंगा, मेरे लिए मध्य प्रदेश पहली प्राथमिकता है. मध्यप्रदेश को मेरी ज्यादा जरुरत है और यहां रहना मेरे लिए बहुत जरूरी है. रीवा में दीपक बाबरिया के साथ हुई धक्का-मुक्की को लेकर राहुल गांधी काफी नाराज थे, जिसके चलते राहुल गांधी ने दिल्ली में मध्य प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेताओं की मीटिंग बुलाई थी.
पाटीदार समाज के प्रतिनिधि कमलनाथ से मिलने भोपाल पहुंचे थे. कमलनाथ से मिलने के बाद पाटीदार समाज के प्रतिनिधि दल ने पाटीदार समाज को 15 सीटों पर टिकट देने की मांग की है. पाटीदार समाज के प्रतिनिधियों का दावा है कि प्रदेश की 35 विधानसभा सीटों पर पाटीदार समाज का खासा प्रभाव है. ऐसे में अगर पाटीदार समाज के नेताओं को कांग्रेस से टिकट मिलता है तो वह कांग्रेस का पूरा समर्थन करेंगे. एनआरसी ड्रॉफ्ट को लेकर देशभर में मचे हंगामे पर कमलनाथ ने कहाकि मैं एनआरसी के राजनैतिक उपयोग का विरोध करता हूं. जो सही है वो किया जाना चाहिए. उन्होंने धर्म को लेकर भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा धर्म के राजनीति करने का काम करती है. धर्म के नाम पर भाजपा सियासत करती है. मैं भी धर्म प्रेमी हूं, लेकिन धर्म और राजनीति का मेल नहीं करता हूं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें