सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों का खंडन जरूरी है, वरना ये अफवाहें जनमानस को नकारात्मक दिशा में मोड़ सकती हैं. इसलिए सोशल मीडिया प्रतिनिधि ऐसी अफवाहों का तत्काल, तथ्यात्मक जानकारी के साथ खंडन करें. उन्होंने कहा कि वाट्स एप ग्रुप बनाकर अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ें.यह बात भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविचार नेताम ने प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में आयोजित अनुसूचित जनजाति मोर्चा पदाधिकारियों और सोशल मीडिया प्रतिनिधियों के बैठक में कही. बैठक में प्रदेश के सभी जिलों से आए प्रतिनिधि शामिल थे. अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविचार नेताम के मुख्य आतिथ्य में मोर्चा पदाधिकारियों एवं सोशल मीडिया प्रतिनिधियों का बैठक आयोजित की गयी. कार्यक्रम की शुरूआत में मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र पटेल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर वाट्सएप ग्रुप बनाने और युवाओं को इससे जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया.
मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविचार नेताम ने अपने संबोधन में कहा कि सोशल मीडिया की ताकत दिनों दिन बढ़ती जा रही है. अब तो चुनाव भी सोशल मीडिया की ताकत से जीते जाने लगे हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे एक तरफ केंद्र और प्रदेश की सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं का सोशल मीडिया पर प्रसार करें, वहीं दूसरी तरफ विपक्ष की कमियों को भी सोशल मीडिया पर उजागर करें. उन्होंने प्रदेश में सोशल मीडिया सेल की गतिविधियों एवं विस्तार की जानकारी ली. नेताम ने अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला प्रतिनिधियों से कहा कि सिर्फ पोस्टरवार के दम पर कोई नेता नहीं बन सकता. इसके लिए जनता के बीच जाना, उनकी लड़ाई लड़ना और उनकी परेशानियों में भागीदार बनना जरूरी है.
पार्टी के प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि बूथ स्तर पर महिलाओं एवं युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की जरूरत बताते हुए हर बूथ पर कम से कम पांच-पांच महिलाओं को मोर्चे से जोड़ने के निर्देश दिए. उन्होंने मोर्चा प्रतिनिधियों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में आदिवासी समुदाय के महापुरुषों से संबंधित कार्यक्रम आयोजित करें.
विधानसभा स्तर पर होंगे जनजातीय सम्मेलन
अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविचार नेताम ने मोर्चा के जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, जनप्रतिनिधियों, वर्तमान तथा पूर्व सांसद एवं विधायकों की बैठक ली. बैठक में मोर्चा के बूथ स्तर तक विस्तार को लेकर चर्चा की गई.मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मोर्चा संगठन के बारे में जानकारी ली और विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की. बैठक में आगामी 15 अगस्त से 15 सितंबर तक चलाए जाने वाले चैपाल संपर्क कार्यक्रम को लेकर भी चर्चा की गई.वहीं, विधानसभा स्तर पर जनजातीय सम्मेलनों के आयोजन की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें