शुक्रवार, 10 अगस्त 2018

आप प्रत्याशियों की चौथी सूची जारी होगी आज


आम आदमी पार्टी के 11 अगस्त को भोपाल के मानस भवन में आयोजित पदाधिकारी सम्मेलन में पार्टी के विधानसभा प्रत्याशियों की चौथी सूची जारी होगी. इस मौके पर पार्टी के राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद होंगे. राज्यसभा सांसद बनने के बाद यह गुप्ता का पहला भोपाल आगमन है. वे सुबह 7.20 बजे भोपाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद पदाधिकारी सम्मेलन में हिस्सेदारी के बाद देर रात 10 बजे दिल्ली लौट जाएंगे.  इस बारे में जानकारी देते हुए आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव और प्रवक्ता दुष्यंत दांगी ने बताया कि  पार्टी ने गत 26 जून को भोपाल में 20 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की थी. इसके बाद 6 जुलाई को ग्वालियर में दूसरी सूची में 19 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की गई. इसके बाद छतरपुर में 30 जुलाई को 22 उम्मीदवारों की घोषणा की गई. इस तरह अब तक कुल 61 उम्मीदवारों की घोषणा की जा चुकी है. उन्होंने बताया कि सभी घोषित प्रत्याशियों ने अपने क्षेत्र में जनसंपर्क का सिलसिला शुरू कर दिया है. आम आदमी पार्टी के बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता अब चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं. उन्होंने कहा कि इस बार के चुनाव में पार्टी चौंकाने वाले परिणाम देगी और मध्य प्रदेश की राजनीति में तीसरी शक्ति की जोरदार उपस्थिति दर्ज होगी. 
आम आदमी पार्टी के लोकसभा स्तरीय पदाधिकारी सम्मेलन एवं प्रत्याशियों की घोषणा के मौके पर प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल एवं राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता के अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष अमित भटनागर, प्रदेश संगठन मंत्री और भोपाल एवं रीवा जोन के प्रभारी पंकज सिंह, प्रदेश सचिव दुष्यंत दांगी, प्रदेश संगठन सचिव और इंदौर जोन के प्रभारी युवराज सिंह, प्रदेश संगठन सचिव एवं ग्वालियर जोन के प्रभारी हिमांशु कुलश्रेष्ठ, प्रदेश संगठन सचिव एवं जबलपुर जोन के प्रभारी मुकेश जायसवाल, उज्जैन जोन के प्रभारी इंद्र विक्रम सिंह, प्रत्याशी चयन समिति की प्रभारी चित्तरूपा पालित, आप महिला शक्ति की अध्यक्ष साधना पाठक और आप युवा शक्ति के प्रदेश अध्यक्ष निशांत गंगवानी समेत अन्य कई प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी शामिल होंगे. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें