रविवार, 12 अगस्त 2018

वोट से पहले चंदा वसूली के लिए सक्रिय होंगे भाजपा नेता

 हर विधानसभा क्षेत्र से रखा 20 लाख रुपए चंदा संग्रहित करने का लक्ष्य

मध्यप्रदेश भाजपा संगठन को चुनाव के पहले अब चुनाव लड़ने के लिए चंदा के याद आई है. भाजपा ने एक दर्जन से ज्यादा वरिष्ठ नेताओं को इसके लिए सक्रिय किया है. हर विधानसभा क्षेत्र में 20 लाख रुपए चंदा वसूलने का लक्ष्य भाजपा ने रखा है.
मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए चंदे का टारगेट हर विधानसभा क्षेत्र के लिए तय किया है. साथ ही वरिष्ठ नेताओं को चंदा वसूली के लिए सक्रिय किया है. अर्थ संग्रह समिति के प्रदेश संयोजक कृष्ण  मुरारी मोघे ने इसे लेकर बीते दिनों बैठक भी की. इस बैठक में कल सोमवार 13 अगस्त से चंदा वसूली का का कार्य हर विधानसभा क्षेत्र में शुरु करने का लक्ष्य दिया. इस अभियान के तहत समाज के सभी वर्गों से संपर्क कर राशि संग्रहित करने के लिए नेताओं से कहा गया है. चंदा वसूलने के लिए जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में जो दल पहुंचेगा उनमें स्थानीय मंत्री, क्षेत्रीय सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश के दो प्रतिनिधि भी रहेंगी. भाजपा द्वारा 5 सौ, 1 हजार और 2 हजार रुपए चंदा लिया जाएगा. भाजपा की अर्थ संग्रह समिति ने यह तय किया है कि हर विधानसभा क्षेत्र से 20 लाख रुपए का चंदा वसूला जाए. इस लिहाज से पूरे 230 विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा करीब 46 करोड़ रुपए  का चंदा वसूल करेगी. बताया जा रहा है कि भाजपा इस अभियान के तहत जन-जन से संपर्क करेगी और उन्हें पार्टी की रीति-नीति तो बताएगी ही साथ ही सरकार द्वारा किए गए कामों के बारे में जानकारी भी दी जाएगी. इसके अलावा सभी वर्ग के लोगों से कूपन के माध्यम से यह चंदा मांगा जाएगा.
इन्हें बनाया प्रदेश प्रतिनिधि
अर्थ संग्रह समिति ने जिलों में भेजने के लिए प्रदेश प्रतिनिधि बनाए हैं, जिनमें केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, केन्द्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत, मंत्री पारस जैन, केन्द्रीय मंत्री वीरेन्द्र खटीक, मंत्री जयललिता, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, मत्री मायासिंह, मंत्री रुस्तम सिंंह, मंत्री गोपाल भार्गव, भूपेन्द्र सिंह, अंतरसिंह आर्य, राजेन्द्र शुक्ला, लाल सिंह आर्य, जयंत मलैया, जयभानसिंह पवैया, कुसुम महदेले, शरद जैन, गौरीशंकर बिसेन, जालम सिंह पटेल, उमाशंकर गुप्ता, रामपालसिंह, अर्चना चिटनिस, विजय शाह के अलावा वरिष्ठ नेता और विधायक बाबूलाल गौर, विजेन्द्र सिंह सिसोदिया, अनूप मिश्रा, सत्यनारायण जटिया हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें