भाजपा ने मध्यप्रदेश में युवा और महिलाओं के जरिए मतदाता तक पहुंचने का बनाया प्लानमध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा संगठन लगातार नई रणनीति बना रहा है. संगठन पदाधिकारियों ने इस बार चुनाव प्रचार के पूर्व मतदाता तक पहुंचने के लिए युवाओं और महिलाओं को मैदान में उतारने की रणनीति तय की है.
भाजपा द्वारा प्रदेश के हर जिले से लिए जा रहे फीडबैग में करीब-करीब यह बात सामने आ रही है कि शासन की योजनाओं की जानकारी आम मतदाता तक अब भी नहीं है. इसके लिए मतदाताओं के बीच अब भाजपा ने महिलाओं को मैदान में उतारने का मन बनाया है. वैसे भाजपा का महिला मोर्चा तो सक्रिय है, मगर संगठन इस बार ‘कमल सखी’ के नाम से कैंपेन चलाकर इस अभियान में सांसदों और विधायकों की पत्नियों को शामिल कर चुनाव प्रचार के लिए सक्रिय करना चाहता है. सांसदों और विधायकों की पत्नियों को जनता के बीच भेजकर सरकार की योजनाओं की जानकारी देने की रणनीति भाजपा ने तय की है. सांसदों, विधायकों की पत्नियों के लिए बकायदा दिल्ली में प्रशिक्षण भी दिया जाएगा. इस प्रशिक्षण में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह खुद शामिल होंगे.
इसके अलावा युवाओं को भाजपा ने ‘मोहल्ला मुक्त कांग्रेस ’ अभियान के लिए जोड़ा है. इस अभियान के तहत युवाओं की टीम बनाई जाएगी. इस टीम में 10-10 युवा शामिल होंगे. ये युवा घर-घर जाकर भाजपा की रीति-नीति और कामों को बताएंगे और कांग्रेस के खिलाफ अभियान चलाएंगे. भाजपा का यह प्रयास है कि इस अभियान के तहत हर मोहल्ले में युवा पहुंचे और कांग्रेस को कमजोर करने का प्रयास करें, ताकि उसका बूथ मैनेजमेंट अभियान सफल हो सके.
संसदीय क्षेत्र में तैनात होंगे 1 हजार फोन प्रभारी
मध्यप्रदेश भाजपा इस बार विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक सोशल मीडिया का उपयोग कर मैदान में नजर आएगी. भाजपा ने एक संसदीय क्षेत्र में 1 हजार मोबाइल प्रभारी नियुक्त करने की रणनीति तय की है. इस रणनीति के तहत युवाओं से ये मोबाइल प्रभारी सतत संपर्क में रहेंगे. मोबाइल प्रभारियों द्वारा क्षेत्र के मतदाताओं को लगातार एसएमएस किए जाएंगे, जिसके चरिए मतदाता को यह बताया जाएगा कि भाजपा और मध्यप्रदेश की सरकार ने जनहित के लिए कितने और क्या-क्या कार्य किए. कुल मिलाकर भाजपा का यह अभियान भी योजनाओं पर ही केन्द्रित रहेगा.भाजपा इस बार सोशल मीडिया का अधिक से अधिक उपयोग कर चुनाव मैदान में उतरकर मतदाता को लुभाने और भाजपा के पक्ष में लाने का पूरा काम करेगी.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें