मंगलवार, 20 फ़रवरी 2018

अशोकनगर, शिवपुरी जिले में 3704 लायसेंसी शस्त्र जमा

मध्यप्रदेश के मुंगावली और कोलारस विधानसभा उप चुनाव को स्वतंत्र व निष्पक्ष रूप से सम्पन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी एहतियाती कदम उठाये जा रहे है.
 उप निर्वाचन वाले जिलों अशोकनगर और शिवपुरी में शांतिपूर्वक चुनाव के लिए अब तक 3704 लायसेंसी शस्त्र जमा करवाये जा चुके है. इसी तरह 6 शस्त्र-लायसेंस को निरस्त किया गया है. दोनों जिलों में 36 अवैध शस्त्र, हथियार एवं 22 कारतूस जब्त किये जा चुके हैं. अशोकनगर और शिवपुरी जिलों में आदर्श आचारण संहिता का सख्ती से पालन कराया जा रहा है.  सीआरपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत 2983 प्रकरण पर कार्यवाही कर 2960 व्यक्तियों को बांउड-ओवर किया गया है, इनमें से 786 के विरुद्ध बाउंड ओवर का उल्लघंन करने पर कार्यवाही की गई है. जिलों में अब तक 351 गैर जमानती वारंट की तामिली करवाई जा चुकी है. दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में वल्नरेबल मेपिंग के तहत 48 क्षेत्र चिन्हित कर गड़बड़ी फैलाने की आशंका वाले 66 व्यक्तियों की पहचान कर उन पर नजर रखी जा रही है. सुरक्षा की दृष्टि से निर्वाचन क्षेत्र में 16 नाके संचालित हो रहे हैं. सुरक्षा नाकों से वाहनों तथा व्यक्तियों को जाँच पड़ताल के बाद जाने दिया जा रहा है.
पांच लाख से अधिक की शराब जब्त 
मध्यप्रदेश के कोलारस विधानसभा उप चुनाव वाले शिवपुरी जिले में विगत 18 फरवरी को 1852.48 लीटर अवैध देशी, कच्ची शराब जब्त की गई. जब्त शराब का अनुमानित मूल्य 5 लाख 7 हजार 60 रुपये है. इसी दिन अशोकनगर में 2600 रुपये मूल्य की 21 लीटर अवैध देशी, कच्ची शराब की जब्ती की कार्यवाही हुई. जिले में बिना अनुमति के चल रहे एक वाहन को भी जब्त किया गया.
तीन हजार अधिकारी-कर्मचारी कराएंगे उप चुनाव
मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के कोलारस और अशोकनगर के मुंगावली विधानसभा उप चुनाव के लिए 24 फरवरी को होने वाले मतदान में तीन हजार से अधिक अधिकारी-कर्मचारी तैनात किये जाएंगे. कोलारस में 345 पीठासीन अधिकारी और 1380 मतदान अधिकारी मतदान दलों में शामिल किये गये हैं. मुंगावली में 291 पीठासीन अधिकारी और 1164 अन्य मतदान कर्मी मतदान कराएंगे. इनके अलावा अन्य अमला भी तैनात रहेगा.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें