बुधवार, 21 फ़रवरी 2018

जिसे दिया अवार्ड, उसे गड़बड़ी के आरोप में हटाया

मध्यप्रदेश के अशोक नगर के कलेक्टर बाबूसिंह जामोद को निर्वाचन आयोग ने हटा दिया. उन्हें कांग्रेस की शिकायत पर मतदाता सूची में गड़बड़ी मामले में हटाया गया है. एक साल पूर्व जामोद को मतदाता सूची में सतत पुनरीक्षण कार्य करने पर मध्यप्रदेश निर्वाचन आयोग ने अवार्ड दिया था. उन्हें यह अवार्ड बीते साल तत्कालीन राज्यपाल ओ.पी. कोहली के हाथों दिया गया था.
मध्यप्रदेश में हो रहे मुंगावली और कोलारस विधानसभा के उपचुनाव को लेकर कांग्रेस द्वारा लगातार आयोग को मतदाता सूची में गड़गड़ी को लेकर शिकायतें की गई. आयोग ने जांच के बाद पहले तो मुुंगावली विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची की जांच के बाद तीन बीएलओ मथुरालाल नरवरिया, मनोज शर्मा और नौनीतराम को निलंबित किया और एक बीएलओ मनोज यादव को कारण बताओ नोटिस जारी किया था. इसके बाद अशोक नगर के कलेक्टर बाबूसिंह जामोद हटा दिया. जामोद को मतदाता सूची में गड़बड़ी के चलते हटाया गया. जामोद को वहां से हटाने के बाद यह बात सामने आई कि उन्हें पूर्व में  पहले ही मतदाता सूची में सतत पुनरीक्षण कार्य के लिए अवार्ड दिया गया था. यह अवार्ड जामोद को 15 फरवरी 2017 को निर्वाचन आयोग द्वारा दिया गया. जामोद को अवार्ड से तत्कालीन राज्यपाल ओ.पी.कोहली के हाथों मिला था. जामोद के अलावा उज्जैन, छतरपुर, शाजापुर, बालाघाट, ग्वालियर, देवास, शिवपुरी, मंडला, छिंदवाड़ा, सागर, दमोह, खंडवा, टीकमगढ़, रायसेन, सिंगरौली और अनूपपुर को सम्मानित किया था.  पुरस्कार समारोह में राज्य निर्वाचन आयुक्त आर. परशुराम , डीजीपी ऋषि कुमार शुक्ल एवं अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक एवं सेवानिवृत्त अधिकारी उपस्थित थे.
कांग्रेस  ने दिल्ली में की शिकायत
मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर कांग्रेस चुनाव आयोग में शिकायत की थी, इसी शिकायत पर चुनाव आयोग ने कार्रवाई करते हुए अशोकनगर कलेक्टर को हटाया है. मतदाता सूची की गड़बड़ी मामले को चुनाव आयोग ने गंभीरता से लेते हुए सख्त कदम उठाने के संकेत दिए हैं. अभी और कई अफसरों पर इस मामले में गाज गिर सकती है. दिल्ली में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मुंगावली और कोलारस उपचुनाव में गड़बड़ियों को लेकर चुनाव आयोग में शिकायत की थी, वहीं प्रदेश कांग्रेस भी चुनाव आयोग में इस मामले की शिकायत कर चुकी है. कांग्रेस ने अधिकारियों पर भाजपा के एजेंट के रूप में कार्य करने के आरोप लगाए हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें