मंगलवार, 20 फ़रवरी 2018

नकल कराने में सहयोग किया तो होगी पुलिस कार्रवाई

मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा ली जाने वाली हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्ड्री बोर्ड परीक्षाओं में नकल करने वाले एवं इसमें सहयोग करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा. इनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई भी की जाएगी. बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर मध्यप्रदेश के ग्वालियर में कलेक्टर राहुल जैन ने संबंधित अधिकारियों की बैठक ली. कलेक्टर ने कहा कि नकल में सहयोग करने वाले पर्यवेक्षक के खिलाफ निलंबन के साथ-साथ पुलिस कार्रवाई भी की जाएगी. साथ ही इसके लिये केन्द्राध्यक्ष भी जवाबदेह होंगे. उन्होंने निर्देश दिए कि सभी केन्द्राध्यक्षों को साफ तौर पर ताकीद कर दें कि परीक्षा केन्द्र पर ड्यूटी में लगे शासकीय सेवकों के अलावा किसी भी व्यक्ति को जिला शिक्षा अधिकारी की अनुमति के बगैर प्रवेश न दिया जाए. 
   कलेक्टर जैन ने यह भी निर्देश दिए कि संबंधित केन्द्राध्यक्ष एवं सहायक केन्द्राध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र के परीक्षा केन्द्रों का पहले से ही निरीक्षण कर परीक्षा की सभी व्यवस्थायें केन्द्र में सुनिश्चित करें, जिससे परीक्षायें पूरी तरह नकल विहीन और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सकें. अधिकारी द्वय ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं की शुरूआत से ही सख्ती बरती जाए, जिससे कोई नकल करने की जुर्रत न कर सके.    जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले में बोर्ड परीक्षाओं के लिये विभाग द्वारा की गई तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा भी नकल को रोकने के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं. इसके साथ ही जिले में व्यवस्थित रूप से परीक्षा सम्पन्न कराने हेतु सभी तैयारियाँ की गई हैं.  बैठक में एडीएम शिवराज वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी एस एन नीखरा सहित जिले में नियुक्त किए गए केन्द्राध्यक्ष एवं सहायक केन्द्राध्यक्ष उपस्थित थे. 
सामूहिक नकल का पता लगाने अलग से दस्ता
ग्वालियर जिले के हर परीक्षा केन्द्र पर नकल को कड़ाई से रोकने के लिए विशेष उड़नदस्ता के अलावा सामूहिक नकल का पता लगाने के लिये अलग से दस्ते तैनात किए जा रहे हैं. कलेक्टर राहुल जैन ने कहा कि परीक्षा समाप्ति के बाद यह दस्ता विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर कॉपियों का मिलान कर यह देखेंगे कि परीक्षार्थियों द्वारा बिल्कुल एक समान उत्तर तो नहीं लिखे गए हैं. ऐसा पाए जाने पर सामूहिक नकल मानकर केन्द्राध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. साथ ही परीक्षार्थियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी.  कलेक्टर  राहुल जैन ने बैठक में यह भी निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर यह बोर्ड लगाया जाए कि परीक्षा केन्द्र सीसीटीव्ही कैमरे की निगरानी में है. इसके साथ ही परीक्षा केन्द्रों को कैमरे के दायरे में भी रखा जाए. नकल की प्रवृत्ति रोकने के लिऐ संबंधित संस्था के स्टाफ से ड्यूटी नहीं कराई जाएगी. कोटवार व दैनिक मजदूरी पर भी सेवाएं ली जाएंगी. परीक्षा केन्द्र पर बुनियादी सुविधाएं मुकम्मल करने की जवाबदेही संबंधित संस्था प्रमुख और संकुल केन्द्र प्रभारी की होगी. नकल रोकने के लिऐ तैनात अमले द्वारा ढ़िलाई बरतने पर उनके खिलाफ भी होगी सख्त कार्रवाई.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें