मध्य प्रदेश में आम आदमी पार्टी ने आज प्रत्याशियों की दसवीं सूची जारी कर दी है. इस सूची में 18 प्रत्याशियों की घोषणा की है. पार्टी द्वारा अब तक 149 प्रत्याशियों की घोषणा की जा चुकी है.
आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल ने आज पत्रकारों से चर्चा करते हुए पार्टी की दसवीं सूची जारी कर दी. इस सूची में 18 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं. के पूर्व पार्टी द्वारा 131 प्रत्याशियों की घोषणा की जा चुकी थी. आज दसवीं सूची के 18 प्रत्याशियों के साथ घोषित प्रत्याशियों की संख्या 149 हो गई है. पार्टी जल्द ही अन्य सीटों पर भी अपने उम्मीदवार घोषित करेगी.
अग्रवाल ने बताया कि पार्टी ने विदिशा से पूर्व विंग कमांडर अनुमा आचार्य, महू से अन्ना आंदोलन में सक्रिय रहे अमित सिंघल, नरेला से रेहान जाफरी, मानपुर से रामकरण कौल, जावद से सत्यनारायण ओझा, सौंसर से गोपाल कोठे, बरघाट से नरेंद्र कुंजाम, परासिया से दुर्गा आम्रवंशी, जबलपुर पूर्व से राजकुमार वंशकार, पांढुरना से वासुदेव धुर्वे, शुजालपुर से सूरज सिंह परमार, बदनावर से शैलेन्द्र शर्मा, धार से नंदा ठाकुर, रतलाम से राधेश्याम मेहता, देवतालाब से अंगद यादव, सांवेर से ब्रह्मनंद मालवीय, सिंरोज-लटेरी से अभिषेक शर्मा और गोविंदपुरा से मनोज पाल समेत 18 सीटों पर नाम तय किए गए हैं. पार्टी ने भोपाल में 26 जून को पहली सूची जारी कर दी थी. तबसे घोषित किए जा रहे प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्र में जनसंपर्क का काम कर रहे हैं. अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा और कांग्रेस से समान रूप से दुखी है और अब विकल्प के रूप में आम आदमी पार्टी को सत्ता सौंपने की तैयारी कर चुकी है. उन्होंने बताया कि अभी तक घोषित किए गए सभी प्रत्याशी लगातार जनसंपर्क कर जमीनी काम कर रहे हैं. हमारा डोर टू डोर कैंपेन जनता के बीच पैठ बना चुका है और जिस मोहल्लों-गांवों में हमारे प्रत्याशी जा रहे हैं, वहां के लोग खुद सामने आकर डोर टू डोर कैंपेन से जुड़ रहे हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें