शुक्रवार, 5 अक्टूबर 2018

पड़ोसी राज्यों के नेताओं को मध्यप्रदेश की सौंपी जिम्मेदारी

प्रधान के बाद शाह ने अपने दूसरे विश्वस्तों को भेजा मध्यप्रदेश

भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में चौथी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए नई रणनीति तय की है. इसके तहत मध्यप्रदेश की सीमा को छूने वाले राज्यों के नेताओं को अलग-अलग अंचलों की जिम्मेदारी दी है. ये नेता इन अंचलों में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं तक पहुंचकर भाजपा का ग्राफ बढ़ाएंगे.
मध्यप्रदेश में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह लगातार चुनावी रणनीति में बदलाव कर रहे हैं. शाह ने पहले केन्द्रीय मंत्री धमेन्द्र प्रधान को चुनाव की कमान सौंपी. इसके साथ ही मध्यप्रदेश की सीमा को छूने वाले चार राज्यों गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश और दिल्ली के नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंप दी. इन  नेताओं ने राजधानी पहुंचकर प्रदेश भाजपा कार्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री रामलाल और प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंंह के साथ बैठक की. इस बैठक में नेताओं ने बूथ स्तर पर किस तरह कार्य किया जाए इस संबंध में चर्चा कर रणनीति बनाई. बताया जाता है कि गुजरात के नेताओं को शाह ने मालवा अंचल की कमान सौंपी है. इस अंचल में 65 विधानसभा सीटें हैं और यहां पर संघ का वजूद रहा है, लेकिन वर्तमान में जयस और सपाक्स संगठनों की सक्रियता के कारण इस अंचल में भाजपा की चिंता बढ़ गई है. वहीं महाराष्ट्र के नेताओं को निमाड़ और महाकौशल अंचल की जिम्मेदारी दी गई है. यह अंचल भाजपा के लिए प्रतिष्ठा बन गया है. यहां से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह हैं तो कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ का दखल भी इसी अंचल में है. इसके अलावा उत्तरप्रदेश के नेताओं को ग्वालियर-चंबल के अलावा विंध्य अंचल की जिम्मेदारी सौंपी गई है.वहीं दिल्ली के नेताओं को प्रदेश के शहरों की जिम्मेदारी दी गई है. शाह द्वारा दी जिम्मेदारी के बाद इन राज्यों के नेताओं ने मध्यप्रदेश में आमद देना भी शुरु कर दिया है. 
मध्यप्रदेश की सीमा उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और दिल्ली से मिलती है. इसके चलते शाह ने यहां के नेताओं को सीमावर्ती जिलों की जिम्मेदारी दी है. उत्तरप्रदेश के नेता विंध्य अंचल के रीवा, सतना, सागर, सिंगरोली, गुना, दतिया, शिवपुरी, सीधी, पन्ना और भिंड जिलों में बूथ स्तर तक जमावट करेंगे. शाह ने चारों राज्यों के नेताओं को कुल 80 जिलों की जिम्मेदारी दी है. 
सिंधिया के क्षेत्र में जगदंबिका पाल और स्वतंत्रदेव सिंह
मध्यप्रदेश कांग्रेस के चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया को उनके घर याने ग्वालियर अंचल में घेरने की रणनीति के तहत शाह ने जगदंबिका पाल और स्वतंत्रदेव सिंह को जिम्मेदारी दी गई है. ये दोनों नेता ग्वालियर चंबल में अपनी सक्रियता दिखाएंगे. पाल ग्वालियर अंचल में सक्रिय होंगे तो सिंह चंबल अंचल में पहले से ही अपनी सक्रियता बनाए हुए हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें