बहुजन समाज पार्टी द्वारा राज्य में सभी 230 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की घोषणा के बाद प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया को अंतिम रुप दिया जा रहा है. बसपा द्वारा पहली सूची जारी करने के बाद अब दूसरी सूची प्रदेश से बसपा सुप्रीमो मायावती के पास भेज दी है, जल्द ही यह सूची जारी की जाएगी.
बहुजन समाज पार्टी द्वारा राज्य में 22 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की गई थी. इस सूची में एक उम्मीदवार को बदला भी गया. इसके बाद उत्तरप्रदेश से आए नेताओं और पदाधिकारियों द्वारा किए गए सर्वे एवं प्रदेश प्रभारी रामअचल राजभर द्वारा लिए गए इंटरव्यू के बाद दूसरी सूची के लिए दावेदारों के नाम तय किए गए. बताया जाता है कि बसपा ने इस सूची के लिए 70 से अधिक नाम तय किए हैं. इन नामों को बसपा प्रमुख मायावती के पास भेजा गया है. जल्द ही यह सूची जारी किए जाने की संभावना है. बताया जाता है कि मंगलवार को दिल्ली में प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार के साथ बसपा नेताओं की चर्चा हुई, चर्चा के बाद यह तय हुआ कि दूसरी सूची में अधिकांश नाम ग्वालियर-चंबल और विंध्य अंचल की सीटों के तय किए जाएं. इसके बाद मालवा, मध्य और महाकौशल अंचल की सीटों के नामों के घोषणा की जाए.
बसपा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने बताया कि प्रदेश संगठन ने दूसरी सूची के लिए नामों को तय करके राष्ट्रीय संगठन को भेज दिया है. राष्ट्रीय अध्यक्ष की अनुमति मिलते ही जल्द ही दूसरी सूची पार्टी द्वारा जारी की जाएगी.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें