मंगलवार, 23 अक्टूबर 2018

टाउन हाल के जरिए नव मतदाता को साधेगा युवा मोर्चा

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा नवमतदाताओं को साधने के लिए मैदान में उतर रहा है. भाजयुमो नए मतदाताओं को युवा टाउन हाल कार्यक्रम के जरिए भाजपा के पक्ष में लाएगा.
भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा नवमतदाताओं को भाजपा के पक्ष में लाने के लिए युवा टाउन हाल कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. दो दिवसीय इस कार्यक्रम की शुरुआत 26 अक्तूबर से शुरु होगी. राज्य के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में यह कार्यक्रम चलेगा. इस कार्यक्रम में प्रदेश के सभी संभाग के सभी जिला केंद्रों एवं सभी विधानसभा केंद्रों पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंग. कार्यक्रम के दौरान सभी स्थानों पर सुझाव पेटी लगाई जाएगी. इस पेटी में कैसा हो मेरा मध्यप्रदेश विषय पर सभी युवा अपने-अपने सुझाव जमा करेंगे. नवमतदाता युवा टाउन हाल कार्यक्रम के माध्यम से युवा मोर्चा के पंचायत स्तर तक की कार्यकारिणी के सदस्यगण अपने-अपने विधानसभा केंद्र पर जाकर प्रदेश के मुख्यमंत्री को सुन सकेंगे, साथ ही भविष्य के मध्यप्रदेश के विषय में अपने अपने सुझाव दे सकेंगे. 
युवा मोर्चा द्वारा 25 अक्टूबर को युवा मोर्चा कार्यकर्ता नव मतदाताओं के मध्य जाकर एक चाय एक राय विषय पर कार्यक्रम आयोजित करेंगे. 26-27 अक्तूबर को युवा मोर्चा कार्यकर्ता नव मतदाताओं एवं सभी वर्गों के युवाओं के मध्य जाकर उन्हें 28 अक्तूबर को आयोजित नवमतदाता युवा टाउनहाल कार्यक्रम हेतु आमंत्रित करेंगे.
 युवाओं से संवाद करेंगे मुख्यमंत्री
 नवमतदाता युवा टाउन हाल कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल में उपस्थित रहेंगे. मुख्यमंत्री वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से प्रदेश की सभी 230 विधान सभाओं में एकत्रित हुए लाखों युवाओं को संबोधित करेंगे. साथ ही प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर अतिथि उपस्थित रहेंगे, जिसमें मुख्य रूप से प्रदेश चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री  धर्मेंद्र प्रधान, पार्टी के प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे, चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक व केन्द्रीय मंत्री  नरेंद्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय, डॉ अनिल जैन, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह सहित भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें