मंगलवार, 23 अक्टूबर 2018

भाजपा मनाएगी कमल दीपावली


  भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश 29 अक्तूबर से तीन दिवसीय विशेष संपर्क अभियान प्रारंभ करेगी. इस अभियान में पार्टी कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से घर-घर जाकर संपर्क करेंगे. इस दौरान कार्यकर्ता हितग्राहियों को मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष का एक पत्र भी सौंपेंगे, जिसमें कमल दीपावली मनाने का अनुरोध होगा. 
यह जानकारी आज मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान साझा की.  सिंह ने पार्टी के विशेष संपर्क अभियान सहित अन्य कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी भी मीडिया को दी. सिंह ने बताया कि मध्यप्रदेश में ऐसा कोई वर्ग नहीं है, जिसके सर्वागींण विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने कोई न कोई योजना न बनायी हो. हर वर्ग के लिए सरकार ने कल्याणकारी कार्यो की एक लंबी श्रृंखला खड़ी की है. भारतीय जनता पार्टी विशेष अभियान के माध्यम से हितग्राहियों से संपर्क कर समृद्ध मध्यप्रदेश के लिए आशीर्वाद लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में चलने वाले विशेष संपर्क अभियान की युद्ध स्तर पर तैयारियां चल रही है. घर घर संपर्क की योजनाएं बनायी जा रही है. संभाग जिले एवं मंडल स्तर की बैठकें भी आयोजित होंगी. 
1 नवंबर तक चलेगा विशेष संपर्क अभियान
29 अक्तूबर से 1 नवंबर तक चलने वाले विशेष संपर्क अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ता हितग्राहियों से घर घर संपर्क करेंगे और प्रत्येक हितग्राही से मोबाइल नंबर 7304473044 पर मिस काल कराया जाएगा. इस संपर्क का फोटो भी इसी वाट्सअप नंबर पर शेयर किया जाएगा. सिंह ने बताया कि संपर्क के दौरान कार्यकर्ता हितग्राहियों को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष के नाते मेरा पत्र भी सौंपेंगे. पत्र में प्रदेश की जनता से कमल दीपावली मनाने का विशेष आग्रह किया जायेगा. हमारी कोशिश रहेगी कि विशेष संपर्क अभियान से कोई भी परिवार न छूटे और पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की भागीदारी सुनिश्चित हो. 
15 नवंबर को घरों पर लहराएगा भाजपा का ध्वज
 सिंह ने बताया कि 15 नवंबर को पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने अपने घरों पर भारतीय जनता पार्टी का ध्वज फहराएंगे. पूरे चुनाव के दौरान पार्टी ध्वज लहराते रहेंगे. 21 नवंबर को प्रदेश भर में कमल दीपावली के आयोजन की विस्तृत तैयारियों के बारे में चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कमल दीपावली के आयोजन के लिए बूथ टोलियां बनायी गयी हैं. घर-घर कमल दीपक प्रज्जवलित होंगे. उन्होंने बताया कि मतदान दिवस 28 नवंबर को पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रात: 10.30 बजे अनिवार्य रूप से स्वयं मतदान कर समर्थक परिवारों से अनिवार्य रूप से मतदान करने का आग्रह करेंगे. 
जनता से नहीं पूछा की उनके जीवन में अंधेरा क्यों है?
प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि चुनावी समय में इवेंटों, आयोजनों, जुमलों, नारों में माहिर भाजपा इस तरह के आयोजन जनता को भ्रमित और गुमराह करने के लिए निरंतर करती रहती है. इस बार चुनावी माह में दीपावली जैसे पवित्र धार्मिक त्यौहार का राजनीतिकरण करने का प्रयास भाजपा कर रही है. भाजपा बताए कि आज तक उसने पिछलीं कितनी दीपावली पर इस तरह के आयोजन किये हैं? कितनी दीपावली पर उसने महंगाई की मार से जूझ रही जनता से पूछा है कि आपके जीवन में अंधेरा क्यों है? 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें