गौर के बाद सरताज ने भी की दावेदारी, कहा नहीं चलेगा उम्र का फार्मूलाभारतीय जनता पार्टी के नेता जहां लगातार बैठकें कर प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया को पूरा करने में जुटे हैं, वहीं भाजपा के लिए उसके अपने मुसीबत खड़ी कर रहे हैं. टिकट के दावेदारों के प्रदर्शन से चिंतित नेताओं को अब बागी बनने वाले दावेदारों की चिंता सताने लगी है. वहीं दो वरिष्ठ नेता बाबूलाल गौर और सरताज सिंह द्वारा की गई दावेदारी ने प्रदेश संगठन की चिंता को और बढ़ा दिया है.
भाजपा में चुनाव समिति के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और पदाधिकारी लगातार बैठकें कर प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया को अंजाम दे रहे हैं. नेताओं की ये बैठकें भोपाल से लेकर दिल्ली तक चल रही है. वहीं बैठकों के दौरान राजधानी भोपाल स्थित भाजपा कार्यालय में दावेदारों की संख्या भी कम नहीं हो रही है. करीब आधा दर्जन से ज्यादा दावेदार तो अपने समर्थकों के साथ भाजपा कार्यालय पहुंचे और शक्ति प्रदर्शन कर दिया. वरिष्ठत नेताओं ने जैसे-तैसे माहौल को संभाल लिया, मगर अब टिकट कटने पर विधायकों और दावेदारों के बागियों को लेकर चिंता बढ़ी है. वैसे भाजपा ने संभागवार पर बगावत को रोकने की कवायद करते हुए पदाधिकारी तो नियुक्त कर दिए हैं, मगर ये पदाधिकारी कितने सफल होंगे, यह कहा नहीं जा सकता.
गौर के बाद सरताज ने ठोकी ताल
भाजपा ने 70 की उम्र का फार्मूला बताकर पूर्व मंत्री और वरिष्ठन नेताओं बाबूलाल गौर और सरताज सिंह को मंत्री पद से हटा दिया था. इसके बाद गौर तो लगातार टिकट की दावेदारी कर रहे हैं, साथ ही चुनाव लड़ने की बात कहकर वे अपने क्षेत्र गोविंदपुरा में सक्रियता भी बढ़ाए हुए हैं. गौर के बाद अब सरताज सिंह ने भी टिकट की दावेदारी कर डाली है. सरताज सिंह होशंगाबाद जिले के सिवनी मालवा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं. उन्हें उम्र का हवाला देकर इस बार टिकट से वंचित किए जाने की बात सामने आई तो वे भी भाजपा कार्यालय पहुंचे और टिकट की दावेदारी कर दी. उन्होंने पार्टी के 70 साल की उम्र का फार्मूले पर सवाल खड़े कर दिए और कहा कि पार्टी में ऐसा कोई फार्मूला था ही नहीं, जबरिया उन्हें मंत्री पद से हटा दिया गया. यहां उल्लेखनीय है कि सरताज सिंह को टिकट कटने की बात अंदरुनी तौर पर चली तो विधानसभा अध्यक्ष डा. सीताशरण शर्मा उनके विधानसभा क्षेत्र सिवनी मालवा में सक्रिय हुए और यहां से टिकट के लिए प्रयास कर रहे थे. तभी उनका विरोध भी हो गया. सिवनी मालवा के पदाधिकारियों ने डा.शर्मा का विरोध यह कहकर किया कि बाहरी इस बार सिवनी मालवा को नहीं चाहिए.
मंत्री ने किया शक्ति प्रदर्शन
उद्यानिकी मंत्री और शमशाबाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक सूर्यप्रकाश मीणा ने भी भाजपा कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन कर डाला. मीणा अपने समर्थकों के साथ प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे और पदाधिकारियों से मिले. उनके समर्थक इस दौरान नारेबाजी करते रहे. मीणा ने कहा कि शमशाबाद से टिकट तो उन्हें ही मिलेगा, यह भरोसा है. वे तो सामान्य मुलाकात के लिए आए हैं. यहां उल्लेखनीय है कि पूर्व वित्त मंत्री राघवजी ने सक्रियता दिखाकर अपनी बेटी ज्योति शाह के लिए शमशाबाद या फिर विदिशा से टिकट देने की मांग की है, इसके बाद मीणा की चिंंता बढ़ी है. वहीं मीणा को लेकर संघ भी नाराज बताया जा रहा है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें