गुरुवार, 4 अक्टूबर 2018

सपा के प्रत्याशियों की सूची तैयार, अखिलेश के निर्देश का इंतजार


मध्यप्रदेश में कांग्रेस को बसपा द्वारा दिए झटके के बाद अब समाजवादी पार्टी ने भी अपने प्रत्याशियों की सूची तैयार कर ली है. सपा द्वारा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश का इंतजार किया जा रहा है.
मध्यप्रदेश में चुनावी राजनीति पूरे शवाब पर पहुंच गई है. बसपा ने जहां अकेले सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है, वहीं कांग्रेस द्वारा यह कहा जा रहा है कि समाजवादी पार्टी से गठबंधन को लेकर उनकी बात जारी है. इस बीच सपा द्वारा बुधवार को मध्यप्रदेश चुनाव अभियान समिति की बैठक को अखिलेश के निर्देश पर स्थगित कर पार्टी के प्रत्याशियों की सूची तैयार कर ली गई. बताया जाता है कि पार्टी के पास 3 अक्तूबर जो की अंतिम तारीख थी, तक करीब 5 सौ से ज्यादा दावेदारों के आवेदन आए थे. इन दावेदारों पर विचार करने के लिए बुधवार को बैठक होनी थी, मगर बसपा के रुख को देखते ही अखिलेश ने यह बैठक रद्द कर दी थी. हालांकि अभी अखिलेश द्वारा प्रदेश इकाई को किसी तरह से कोई निर्देश नहीं दिए गए हैं, मगर माना जा रहा है कि सपा भी अब जल्द ही अपने पत्त्ते खोलेगी. सूत्रों के अनुसार सपा द्वारा प्रत्याशियों की सूची तैयार कर ली गई है. सूची पर अखिलेश यादव की मोहर लगनी है.
गोंगपा शुक्रवार को लेगी फैसला
समाजवादी पार्टी के साथ चुनाव मैदान में उतर रही गोंडवाना गणतंत्र पार्टी द्वारा कांग्रेस के साथ चल रही चर्चा को लेकर कल शुक्रवार को फैसला ले लिया जाएगा. गोंगपा ने कांग्रेस को अपनी तय सीटें बता दी हैं. वहीं यह भी कह दिया है कि गठबंधन को लेकर 5 अक्तूबर तक वह बता दे, नहीं तो गोंगपा अपने प्रत्याशी घोषित कर देगी. गोंगपा के राष्ट्रीय महासचिव श्याम मरकाम ने बताया कि हमने मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ दोनों ही राज्यों में गठबंधन के लिए कांग्रेस को स्पष्ट कह दिया है कि 5 अक्तूबर तक वे फैसला ले लें, नहीं तो सपा के साथ वे अपने प्रत्याशी घोषित कर देंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें