मंगलवार, 30 अक्टूबर 2018

भाजपा के दो सांसदों ने चुनाव लड़ने से कर दिया मना

लगातार विरोध झेल रही भाजपा को दो सांसदों ने विधायक का चुनाव लड़ने से मना कर दिया. वहीं भाजपा संगठन  सीट बदलकर चुनाव लड़ने की इच्छा रखने वालों को संकेत दे चुका है कि वे चुनाव लड़े या फिर मैदान छोड़ें.
मध्यप्रदेश में भाजपा के लिए इस बार चुनाव में प्रत्याशी चयन की समस्या ज्यादा परेशानी दे रही है. हालांकि मध्यप्रदेश चुनाव समिति ने लगातार तीन दिनों तक भोपाल में मंथन करने के बाद अब मामला दिल्ली भेज दिया है. दिल्ली में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह की चर्चा भी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से हो चुकी है. भाजपा 1 नवंबर से प्रत्याशियों की सूची जारी करेगी. बताया जा रहा है कि भाजपा इस बार टूकड़ों में सूची जारी करेगी. इसके पीछे संगठन का मानना है कि  टिकट कटने वालों के विरोध को देखते हुए ऐसा किया जा रहा है.
भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति ने वर्तमान विधायकों के विरोध को देखते हुए सांसदों को भी मैदान में उतारने का फैसला किया था, इसके तहत करीब आधा दर्जन से ज्यादा सांसदों के नाम भी पैनल में बनाकर राष्ट्रीय कार्यकारिणी को भेजे गए हैं, मगर भाजपा के दो सांसदों ने विधानसभा चुनाव लड़ने से मना कर दिया है. भाजपा के सतना से सांसद गणेश सिंह को पार्टी अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतारना चाहती थी, मगर सिंह ने यहां से चुनाव लड़ने से मना कर दिया है. वहीं विंध्य के रीवा से सांसद जनार्दन मिश्रा को भी भाजपा ने विधानसभा चुनाव लड़ने को कहा, मगर मिश्रा भी इसके लिए तैयार नहीं है. बताया जाता है कि मिश्रा को भाजपा रीवा जिले की सेमरिया सीट से चुनाव मैदान में उतारना चाहती है. मगर मिश्रा इसके लिए तैयार नहीं है.
शिवराज बुधनी से ही लड़ेंगे चुनाव
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लेकर बार-बार यह बात कही जा रही है कि वे भोपाल के गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे. इस बात ने कल सोमवार को उस वक्त ज्यादा जोर पकड़ा जब मुख्यमंत्री ने पूर्व मंत्री बाबूलाल गौर की बहू कृष्णा गौर के साथ गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क किया. इसके बाद जब यहां से मुख्यमंत्री के चुनाव लड़ने की चर्चा तेज हुई तो उन्होंने इस पर विराम लगा दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि वे बुधनी से ही चुनाव लड़ेंगे. यहां उल्लेखनीय है कि संघ द्वारा बीते दिनों कराए गए सर्वे के बाद यह कहा गया था कि शिवराज सिंह चौहान को बुधनी के साथ-साथ गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र से भी मैदान में उतारा जाए, मगर यहां से पूर्व मंत्री बाबूलाल गौर फिर से मैदान में उतरने की तैयारी कर चुके हैं. वे बार-बार यही बात कह रहे हैं, कि उनकी बात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से हो चुकी है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें