सोमवार, 15 अक्टूबर 2018

दिग्विजय पाकिस्तान का पुल लाए, अब कमलनाथ बांग्लादेश की सड़क ले आए



मध्यप्रदेश में चुनावी गर्माहट अब तेज हो गई है. राजनीतिक दलों द्वारा एक-दूसरे पर आरोप लगाए जाने का सिलसिला भी अब चरम पर पहुंच गया है. सोशल मीडिया पर इन दिनों भाजपा और कांग्रेस द्वारा लगातर एक-दूसरे पर आरोप लगाए जा रहे हैं. इसके चलते आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ  ट्विटर पर जारी की  एक  फोटो को लेकर चर्चा में रहे. कमलनाथ द्वारा सड़क का फोटो जारी करने के बाद उस सड़क को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने बांग्लादेश की सड़क बताया है.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के दावों पर सवाल उठाते हुए ट्विटर पर एक फोटो शेयर की है. दरअसल शिवराज सिंह ने पिछले साल अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान वहां कहा था कि मध्यप्रदेश की सड़कें अमेरिका की सड़कों से भी अच्छी है. कमलनाथ ने एक फोटो शेयर करते हुए शायराना अंदाज में कहा कि 'मामाजी के राज में भ्रष्टाचारी रास्तों की लगी है झड़ी और वाशिंगटन से अच्छी मखमली सड़क कर लो घड़ी' भाजपा के सामने भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड लजाते हैं, मामाजी जाते-जाते तथाकथित विकास को घड़ी कर साथ लिए जाते हैं. बढ़िया है'.
कमलनाथ का सड़कों की बदहाली को लेकर किए गए इस ट्वीट से तत्काल विवाद भी खड़ा हो गया. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट के साथ दिखाई गई तस्वीर बांग्लादेश की बताई. शिवराज ने ट्वीट कर कहा कि हमारे कांग्रेसी मित्रों का क्या कहना! पहले दिग्विजयजी पाकिस्तान के पुल को भोपाल ले आए और अब कमलनाथ जी बांग्लादेश की सड़क को मध्य प्रदेश ले आए.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें