सोमवार, 29 अक्टूबर 2018

भाजपा ने तय किए सभी प्रत्याशी, घोषणा दिल्ली में

 अब भोपाल में प्रत्याशी चयन को लेकर नहीं होगी बैठक

भारतीय जनता पार्टी ने सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया को पूरा कर लिया है. प्रदेश चुनाव समिति ने दो दिनों तक चली बैठक में सभी सीटों पर नामों के पैनल तैयार कर केन्द्रीय समिति को भेज दिए हैं. केन्द्रीय समिति इन नामों पर मोहर लगाएगी. संभावना यह है कि 1 नवंबर को भाजपा अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर सकती है.
प्रदेश चुनाव समिति की चल रही बैठक आज समाप्त हो गई. आज बैठक में सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों के लिए आए नामों और पैनलों पर समिति के सदस्यों ने मंथन कर सूची तैयार कर केन्द्रीय चुनाव समिति को भेज दी है. चुनाव समिति के सदस्य कृष्णमुरारी मोघे ने यह बात आज पत्रकारों से कही. उन्होंने कहा कि अब प्रदेश स्तर पर प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया या नामों पर कोई चर्चा नहीं होगी. सभी 230 विधानसभा सीटों के लिए नामों के पैनल केन्द्रीय चुनाव समिति को भेज दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि अगर इसके बाद भी कहीं कोई जरुरत पड़ती है तो खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंंह चौहान उस क्षेत्र के नेताओं से चर्चा करेंगे, जहां पर कोई शिकायत मिलेगी. 
सूत्रों के अनुसार दो दिन तक चली प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में करीब आधा दर्जन मंत्रियों और 60 विधायकों के नाम काटे जाने की संभावना है. पहली सूची 1 नवंबर को जारी होगी, इस सूची में 150 से ज्यादा नामों की घोषणा भाजपा कर सकती है. बताया जाता है कि अधिकांश स्थानों पर जहां पर वर्तमान विधायकों का विरोध है, वहां पर समिति ने नये चेहरों पर दाव लगाने का फैसला लिया है. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें