सोमवार, 15 अक्टूबर 2018

आप का राष्ट्रीय नेतृत्व प्रदेश में संभालेगा कमान

 आम आदमी की राज लाने की बनाई रणनीति

आम आदमी पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व अगले सप्ताह से प्रदेश में सक्रिय होगा. पार्टी ने प्रदेश आम आदमी का राज लाने की रणनीति तय की है.
 यह बात आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने रविवार को एक बयान जारी कर  कही. अग्रवाल ने बताया कि आम आदमी पार्टी के केंद्रीय स्तर के नेताओं का दिल्ली आगमन तीन स्तर पर होगा. पहले दौर में शीर्ष नेतृत्व के साथ कुछ विधायक और अन्य नेता चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी निभाएंगे. यह कार्यक्रम जिला स्तर पर होंगे. दूसरे चरण के चुनाव प्रचार में विधानसभा स्तर पर विधायकों, केंद्रीय नेतृत्व और अन्य प्रदेशों के नेताओं का आगमन होगा. तीसरे चरण में प्रचार प्रसार की कमान खुद राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल संभालेंगे. 
 राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ नेता संजय सिंह के साथ भी मध्य प्रदेश की रणनीति पर  अग्रवाल की लंबी चर्चा हुई. संजय सिंह 20 अक्तूबर से मतदान तक मध्य प्रदेश में आम आदमी पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए मध्य प्रदेश में रहेंगे. यहां वे पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रणनीति को विस्तार देने के साथ-साथ जमीनी स्तर पर जनता से सघन संवाद भी कायम करेंगे. 
राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से मध्य प्रदेश के चुनावी मैदान में प्रचार प्रसार के लिए पहले दौर में जिन नेताओं का आगमन तय हो गया है. उनमें प्रदेश प्रभारी और दिल्ली के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय, सांसद संजय सिंह, सांसद सुशील गुप्ता, सांसद भगवंत मान, चांदनी चौक की विधायक अलका लांबा, ग्रेटर कैलाश के विधायक सौरभ भारद्वाज, सीमापुरी के विधायक राजेंद्र पाल गौतम, मंगोलपुरी की विधायक राखी बिड़लान, मालवीय नगर के विधायक सोमनाथ भारती, सदर बाजार के विधायक सोमदत्त, जंगपुरा के विधायक प्रवीण देशमुख, वजीरपुर के विधायक राजेश गुप्ता, पालम की विधायक भावना गौड़, अमानतउल्ला, शहनाज हिंदुस्तानी, रिचा मिश्रा पांडे और जरनैल सिंह प्रमुख हैं. इसके अलावा अन्य नेताओं और राष्ट्रीय नेतृत्व व विभिन्न राज्यों के नेताओं का कार्यक्रम भी तय किया गया है. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें