सोमवार, 15 अक्टूबर 2018

देश, प्रदेश से कांग्रेस को खत्म करें: शाह


भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि आगामी दो चुनाव साधारण चुनाव नहीं है, बल्कि देश और प्रदेश से कांग्रेस को जड़  से खत्म करने का चुनाव है. इन चुनावों में कायकर्ता को पूरी ताकत से पार्टी के लिए कार्य करना है.
शाह ने सतना में महिला शक्ति सम्मेलन को संबोधित करते हुए ये बात कही. दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन आज शाह सतना  पहुंचे और महिला शक्ति सम्मेलन में शामिल हुए. उनहोंने कहा कि जब एक व्यक्ति भाजपा का कार्यकर्ता बनता है तो अकेला बनता है, लेकिन जब कोई माता और बहन भाजपा की कार्यकर्ता बनती है तो वह पूरी परिवार भाजपा से जुड़ जाता है. अगर नारी शक्ति ठान ले तो घर तो क्या पूरा देश सुधर सकता है. शाह ने कहा कि मुझे विश्वास है कि इस बार प्रदेश में भाजपा प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने में मातृशक्ति का ही सबसे बड़ा योगदान होगा.
राजमाता पर कांग्रेस ने किए सितम
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने राजमाता विजयाराजे सिंधिया पर सितम किए. कांग्रेस ने उन्हें जेल में बंद किया था. भाजपा की सरकार ने महिलाओं को हमेशा सम्मान दिया है. पार्टी आज भी उनके विकास के लिए काम कर रही है. भाजपा के केन्द्र और प्रदेश सरकारों ने महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए जितने कार्य किए हैं, उतने किसी और दल की सरकारों ने नहीं किए. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह द्वारा शुरु की गई लाडली लक्ष्मी योजना जैसी दूसरी कोई और योजना देश में नहीं है.
आजादी के बाद सर्वाधिक महिलाएं मोदी मंत्रिमंडल में
 शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने मुस्लिम महिलाओं को ट्रिपल तलाक से निजात दिलाने की पहल की. उन्होंने कहा कि देश में छह गवर्नर, रक्षा मंत्री, विदेश मंत्री सहित नौ मंत्री महिला हैं. आजादी के बाद सर्वाधिक महिलाएं मोदी मंत्रिमंडल में हैं. भाजपा सरकार महिलाओं के हित में काम कर रही है. अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना भी साधा और मध्यप्रदेश में फिर से शिवराज के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाने के लिए वोट देने की अपील की. कार्यक्रम के बाद अमित शाह और राकेश सिंह रीवा को रवाना हो गए.


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें