सोमवार, 22 अक्टूबर 2018

कल्पना ने कहा दिग्विजय सिंह हैं बंटाढ़ार



कांग्रेस की तेज तर्रार नेत्री और पूर्व विधायक कल्पना परुलेकर ने आज फिर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर करारा प्रहार किया और उन्हें बंटाढ़ार बताया. कल्पना ने प्रदेश कांगे्रस कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए दिग्विजय सिंह पर हमला बोला है.
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पूर्व विधायक कल्पना परुलेकर से दिग्विजय सिंह द्वारा हाल ही में चुनाव प्रचार को लेकर दिए गए बयान को लेकर प्रश्न किए. इस प्रश्न का जवाब देते हुए कल्पना ने कहा यह बात सही है कि दिग्विजय सिंह मिस्टर बंटाधार हैं और उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस का बंटाढ़ार किया है. दिग्विजय सिंह ने सही कहा है कि उनके भाषण और प्रचार से कांग्रेस के वोट कटेंगे. उन्होंने कहा कि अगर इस बार भी कांग्रेस हारती है तो समझना की यह रायता दिग्विजय सिंह ने ही फैलाया है. परुलेकर के इस बयान के बाद कांग्रेस में हड़कंप की स्थिति तो मची साथ ही अंदरुनी लड़ाई एक बार फिर सड़कों पर आती नजर आ रही है. 
उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पूर्व ही पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए एक बयान दिया था कि जिसको भी टिकट मिले चाहे दुश्मन को मिले, उस उम्मीदवार को जिताओ और मेरा केवल एक काम है, कोई प्रचार नहीं, कोई भाषण नहीं. मेरे भाषण देने से तो कांग्रेस के वोट कट जाते हैं. इसलिए मैं कहीं जाता ही नहीं हूं. सिंह के इस बयान के बाद कांग्रेस में मानों सवाल-जवाब का बवाल मच गया था. हालांकि उसके बाद दिग्विजय ने खुद इस बयान पर सफाई दी और कहा कि ऐसा लोगों की धारणा है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें