बंगाल की खाड़ी में उठा तूफान तितली कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होकर पश्चिम बंगाल की तरफ चला गया है. इस तूफान के कमजोर पड़ने के कारण हवाओं का रुख भी बदल गया है. इसके कारण राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश स्थानों में दिन-रात के तापमान में गिरावट आना शुरू हो गई है. मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी 2-3 दिन तक तापमान में और कमी होने की संभावना है.
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक ‘तितली’ तूफान कमजोर पड़कर पश्चिम बंगाल की तरफ बढ़ गया है. इसके दो दिन में समाप्त होने की संभावना है. बंगाल की खाड़ी में सक्रिय रहे इस तूफान के कारण हवाओं का पैटर्न दक्षिणी और दक्षिण-पश्चिमी बना हुआ था. इससे आसमान पर बादल आ गए थे, साथ ही दिन और रात के तापमान बढ़े हुए थे. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार ‘तितली’के कमजोर पड़कर पश्चिम बंगाल की तरफ बढ़ जाने से दो दिन से हवा का पेटर्न बदल गया है. वर्तमान में हवा का रुख उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हो गया है. इसके चलते राजधानी सहित प्रदेश में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज होना शुरू हो गई है. इसी क्रम में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात का तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य है. इसी तरह शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस कम है. साथ ही शुक्रवार (32.8 डिग्री सेल्सियस) के मुकाबले 0.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा. शनिवार को दिनभर करीब 14 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली. इससे भी तापमान में मामूली कमी दर्ज हुई.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें