विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा में उम्मीदवारों के नामों पर मंथन जारी है. इस बीच सोशल मीडिया पर एक खबर वायरल हुई कि केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कुछ नेताओं के नाम काटने के लिए भाजपा चुनाव समिति को एक पत्र लिखा है. उमा भारती ने इस अफवाह का खंडन किया. उन्होंने साफ किया है कि उनकी तरफ से कोई सूची कहीं भी किसी को नहीं दी है यह केवल अफवाह है.
उन्होंने इस बात से भी इंकार किया है कि उन्होंने नाम कटवाने के लिए भी कोई सूची दी है. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह को लिखे पत्र में उमा भारती ने कहा कि इस तरह की बेबुनियाद खबर सिर्फ मेरे लिये नहीं बल्कि हमारी पार्टी को नुकसान पहुंचाने की घिनौनी हरकत है. जो लोग एमपी में भाजपा की सरकार नहीं बनने देना चाहते, वही लोग उनके नाम से इस तरह की खबरें फैला रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह हमारी पार्टी से संबंधित मसला है, इसलिये मैं चाहती हूं कि ऐसी झूठी खबर के खिलाफ भाजपा सख्त कार्रवाई करे.
उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों से उमा भारती के नाम से सोशल मीडिया पर एक कथित संदेश वायरल हो रहा था, जिसमें इस बात का दावा किया जा रहा था कि उमा भारती ने कुछ नेताओं को टिकट नहीं देने के लिए पार्टी से कहा है. इस खबर के वायरल होने के बाद बीजेपी नेताओं में हड़कं मच गया था. जब यह बात उमा भारती की जानकारी में आई तब उन्होंने इसको लेकर खंडन किया.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें