कांग्रेस, बसपा, सपा से करेंगे बात, संवाद समिति का किया गठनमध्यप्रदेश में चुनाव की घोषणा होने के साथ ही गठबंधन को लेकर दलों के बीच चल रहे गतिरोध को दूर करने के लिए प्रदेश के छह दल सक्रिय हुए हैं. इन दलों ने छह सदस्यीय संवाद समिति का गठन किया है. ये समिति कांग्रेस, बसपा और सपा से चर्चा कर भाजपा को सत्ता से दूर करने के लिए गठबंधन करने पर जोर देगी.
मध्यप्रदेश में कांग्रेस, बसपा और सपा के बीच गठबंधन को लेकर चली चर्चा और बाद में उसके टूट जाने से राज्य के छोटे दल आहत नजर आए. छोटे दलों लोक तांत्रिक जनता दल, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), गोंडवाना गणतंत्र पार्अी, बहुजन संघर्ष दल और प्रजातांत्रिक समाधान पार्टी शामिल हैं. इन दलों के प्रतिनिधियों ने आज एक बैठक आयोजित करके विपक्षी एकता संवाद समिति का गठन किया है. इस समिति के संयोजक लोक तांत्रिक अभियान के गोविंद यादव बनाए गए हैं. समिति में हरप्रताप शाह , तिलगाम, दरबू सिंह उईके, फूलसिंह बरैया, डा. राजाराम अजय, डा. कमल सिंह चौहान शामिल हैं. बैठक में छह दलों के प्रतिनिधियों ने गैर भाजपा विपक्षी दलों की एकता प्रक्रिया में कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी सहित अन्य दलों के बीच संवाद समिति के सदस्यों को चर्चा करने के लिए अधिकृत किया है. यह समिति कांग्रेस, बसपा और सपा से संवाद कर प्रदेश में भाजपा को हराने के लिए गठबंधन कर चुनाव मैदान में उतरने को कहेगी. बैठक में सभी छह दलों ने प्रदेश की विधानसभा सीटों की संख्या पर विचार कर विपक्षी एकता के लिए सिद्धांत और संख्या पर भी एकता का संकल्प लिया.
सपा, बसपा से बात कर गठबंधन पर विचार करने को कहेंगे
लोक तांत्रिक अभियान के संयोजक और विपक्षी एकता समिति के संयोजक गोविंद यादव ने कहा कि आज जो समिति का गठन किया है उसका काम सिर्फ कांग्रेस के अलावा बसपा, सपा से चर्चा कर भाजपा के खिलाफ चुनाव मैदान में एकजुट होकर उतरने को तैयार करना है. हमारी सपा, बसपा से कुछ चर्चा हुई है और कुछ होना है. यादव ने बताया कि सपा द्वारा कल खुजराहो में होने वाली बैठक के बाद अपना पक्ष रखा जाएगा. वहीं बहुजन समाज पार्टी को भी हम फिर से कांग्रेस के साथ लाने का प्रयास करेंगे. यादव ने बताया कि हमारा कुछ उद्देश्य है कि गैर भाजपा विपक्षी दल एक साथ आएं और भाजपा को इस चुनाव में सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएं.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें