आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी और दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने ग्वालियर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में आम आदमी पार्टी पूरी मजबूती से प्रदेश की 230 सीटों पर चुनाव लड़ रही है. यहां पार्टी भाजपा और कांग्रेस के खिलाफ एक मजबूत विकल्प के रूप में जनता के सामने है. हमारे डोर टू डोर कैंपेन के जरिए जनता पार्टी से जुड़ रही है. आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी जनता के राज को स्थापित करेगी.
राय ने पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे. इस मौके पर ग्वालियर जोन के प्रभारी और प्रदेश संगठन मंत्री हिमांशु कुलश्रैष्ठ, ग्वालियर पूर्व की विधानसभा प्रत्याशी मनीक्षा सिंह तोमर और ग्वालियर के जिला संयोजक सौमिल शर्मा भी उपस्थित थे. पत्रकारों को संबोधित करते हुए राय ने कहा कि आजादी के बाद मध्य प्रदेश के लोगों ने कांग्रेस को मौका दिया. कांग्रेस ने सत्ता हासिल करने के बाद देश की तरह मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया. किसानों पर अत्याचार हुआ. भुखमरी, कुपोषण, गरीबी जैसी समस्याएं लगातार बढ़ती चली गईं. इससे निराश होकर मध्यप्रदेश के लोगों ने कांग्रेस को हटाकार भाजपा को सत्ता सौंपी. इसके बाद पिछले 15 सालों में भाजपा ने जिस तरह से किसान, नौजवान, आदिवासी हर आवाज को दबाया. इन हालात में अब पूरा प्रदेश बदलाव चाहता है. बदलाव के लिए जनता के पास दो विकल्प हैं, एक कांग्रेस का है, जो भाजपा की तरह ही भ्रष्ट और जनविरोधी है, जिसे मध्य प्रदेश के लोगों ने उखाड़कर फेंका था. दूसरा विकल्प दिल्ली का है. जहां आम आदमी पार्टी की सरकार ने विकास का एक अलग मॉडल पेश किया है. साढ़े तीन साल में दिल्ली में स्कूल, अस्पताल, बिजली, पानी के लिए एक क्रांति पैदा हुई है. विकास के हर पैमाने पर काम किया गया है. मध्य प्रदेश में लोग इस विकास के माडल में शामिल होना चाहते हैं. आम आदमी पार्टी घर घर जा रही है और लोगों के भीतर यह विश्वास जागा है कि मध्य प्रदेश भी इस बदलाव में शामिल होगी.
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में आम आदमी पार्टी सत्ता में आकर शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था को ठीक करने के साथ नौजवानों को रोजगार देगी, किसानों की समस्याओं को हल करेगी. आम आदमी पार्टी ने अपना शपथ पत्र दिया है और इसके आधार पर हम चुनाव लड़ रहे हैं. यहां दिल्ली के नेता भी लगातार आ रहे हैं. अभी हमारा प्रवास ग्वालियर जोन में है. इसके बाद केंद्रीय नेतृत्व के अलग-अलग जगह कार्यक्रम होंगे.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें