मध्यप्रदेश में बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती 8 सभाएं करेंगी. वहीं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल राजधानी भोपाल सहित राज्य के 7 शहरों में रोड शो करेंगे.
मध्यप्रदेश में चुनाव के नजदीक आते ही अब राजनीतिक दलों की सक्रियता तेज हो गई है. बहुजन समाज पार्टी और आम आदमी पार्टी द्वारा लगातार अपने प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं, साथ ही पार्टी द्वारा सभाएं और रैलियों के लिए रणनीति भी तय की जा रही है. बसपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती की राज्य में 8 स्थानों पर सभाएं कराने का फैसला लिया है. बसपा द्वारा जहां पर पार्टी का प्रभाव है, वहां पर मायावती की सभाएं कराने की रणनीति बनाई गई है. पार्टी द्वारा तय किए कार्यक्रम के अनुसार मायावती 16 नवंबर से प्रदेश में दौरे शुरू करेंगी. वे 26 नवंबर तक आठ स्थानों पर सभाएं लेंगी. इसमें एक-एक सभा भोपाल और जबलपुर में भी शामिल है. इसके अलावा रीवा और चंबल संभाग में तीन-तीन सभाएं होंगी. बसपा का इन क्षेत्रों में प्रभाव है. दूसरी और आम आदमी पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व मध्यप्रदेश में सक्रिय हो गया है. आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सांसद सुशील गुप्ता ने राजधानी में नुक्कड़ सभाएं कर पार्टी का चुनाव अभियान का शुभारंभ कर दिया है. पार्टी के 26 स्टार प्रचारक भी जल्द ही प्रदेश में आमद देंगे. पार्टी ने राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल प्रदेश में सात स्थानों पर रोड शो कराने का फैसला लिया है, जिन शहरों में केजरीवाल का रोड शो तय हुआ है उनमें भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, छतरपुर, रीवा और जबलपुर शामिल है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें