रविवार, 7 अक्टूबर 2018

व्यापमं घोटाले का खुलासा करने वालों को मैदान में उतारेगा जयस

चुनाव की तारीख घोषित होने की अब दलों ने प्रत्याशियों को लेकर अपनी सक्रियता दिखानी शुरु कर दी है. जय आदिवासी युवा शक्ति संगठन  (जयस) ने यह तय किया है कि वह व्यावासयिक परीक्षा मंडल घोटाले को उजागर करने वाले डा. आनंद राय और आशीष चतुर्वेदी को चुनाव मैदान में उतारेगा.
मालवा अंचल में सक्रिय जय आदिवासी युवा शक्ति संगठन ने प्रदेश में 80 स्थानों पर अपने प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारने का  फैसला किया है. जयस जल्द ही ‘आदिवासी मुख्यमंत्री बनाओ’ कार्यक्रम मालवा में आयोजित कर पार्टी के उम्मीदवारों की घोषणा करने की तैयारी कर रहा है. जयस ने  हाल ही में किसान महापंचायत में अभिनेता गोविंदा को बुलाकर सुर्खियां बंटोरी थी. अब वह आदिवासी मुख्यमंत्री बनाओ कार्यक्रम के तहत अपनी ताकत दिखाने की तैयारी कर रहा है. जयस ने तय किया है कि वह प्रदेश में जहां पर प्रत्याशी उतारेगा वह प्रत्याशी युवा होगा. अब जयस ने व्यापमं घोटाले का पर्दाफाश करने वाले डा. आनंद राय और ग्वालियर के आशीष चतुर्वेदी पर अपनी नजरें टिकाई हैं. इन दोनों को जयस चुनाव मैदान में उतारना चाह रहा है. इसके लिए मंथन किया जा रहा है, संभवत: जयस द्वारा दोनों के नामों की घोषणा भी 15 अक्तूबर को कर दी जाए.
जयस के संरक्षक डा. हीरालाल अलावा के पास उम्मीदवारों के आवेदन आ चुके हैं. आवेदनों पर मंथन किया जा रहा है. बताया जाता है कि इन दोनों को टिकट देकर मैदान में  उतारने का फैसला खुद डा. अलावा का है. वे चाहते हैं कि भ्रष्टाचार के मामलों को उजागर करने वालों को चुनाव मैदान में उतारना चाहते हैं. बताया जाता है कि आनंद राय को इंदौर क्रमांक 5 से और आशीष चतुर्वेदी को ग्वालियर पूर्व से जयस अपना उम्मीदवार घोषित करने का मन बना चुका है, सिर्फ नामों की घोषणा शेष है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें