मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक ऋषि शुक्ला के अवकाश पर चले जाने के बाद चुनाव आयोग ने 1984 बैच के पुलिस अधिकारी वी.के.सिंह नया प्रभारी पुलिस महानिदेशक बनाने का फैसला लिया. इसके बाद आज दोपहर को सिंह ने अपना कार्यभार संभाल लिया.
पुलिस महानिदेशक ऋषि शुक्ला के छह सप्ताह के चिकित्सकीय अवकाश पर चले गए. इसके बाद गृह विभाग ने उनके स्थान पर तीन अधिकारियों का पैनल चुनाव आयोग को भेजा था. इस पैनल में वी.के.सिंह, मैथलीशरण गुप्त और संजय चौधरी के नाम शामिल थे. इन नामों में से आयोग ने वी.के.सिंह के नाम पर मोहर लगाई. इसके बाद आज दोपहर को सिंह ने प्रभारी पुलिस महानिदेशक के रुप में कार्यभार संभाल लिया. सिंह अध्यक्ष हाउसिंग कार्पोरेशन में पदस्थ थे.
उल्लेखनीय है कि पुलिस महानिदेशक ऋषि कुमार शुक्ला को सीने में दर्द होने के बाद चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बायपास कराने की सलाह दी थी. इसके बाद शुक्ला ने छह सप्ताह तक का अवकाश ले लिया था और वे मंगलवार को मुंबई के एशियन हार्ट इंस्टीटयूट में भर्ती हो गए थे.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें