गुरुवार, 11 अक्टूबर 2018

प्रतियोगिता के जरिए आयोग जागरुक करेगा मतदाताओं को


विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग अब प्रतियोगिता कराने जा रहा है. 'कौन बनेगा करोड़पति' की तर्ज पर यह क्विज कांन्टेस्ट होगी, जिसमें प्रदेशभर के मतदाताओं से सवाल पूछे जाएंगे. सही जवाब देने वाले मतदाताओं को पुरस्कृत किया जाएगा. यह कांटेस्ट शुक्रवार से शुरू होगी.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वीएल कांताराव ने बताया कि इस प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग अपने फेसबुक पेज पर मतदाताओं से सवाल पूछेगा. सवाल-जवाब का सिलसिला हफ्ते के सातों दिन तक चलता रहेगा. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के फेसबुक पेज सीईओएमपीस्वीप पर क्विज शुरू होगी. चुनाव आयोग इस पेज पर मतदाताओं से प्रतिदिन पांच सवाल पूछेगा. पांचों सवालों में से हर सवाल के जवाब के लिए चार-चार आप्शन भी होंगे.
चुनाव आयोग का उद्देश्य इस प्रतियोगिता के जरिये हर वर्ग के मतदाताओं को जागरूक करना है. शुक्रवार से शुरू होने जा रही प्रतियोगता आचार संहिता के लागू रहने तक चलेगी. सही जवाब देने वाले करीब पांच सौ से ज्यादा चयनित मतदाताओं को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सम्मानित करेंगे. सम्मानित करने के साथ ही इलेक्शन क्विज प्रतियोगिता में चयनित मतदाताओं के नाम और फोटो मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के फेसबुक पेज पर अपलोड भी किए जाएंगे.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी  ने बताया है कि  प्रदेश में 2 करोड़ 82 लाख से अधिक 18 वर्ष से 39 वर्ष के मतदाता है. युवा सबसे ज्यादा सोशल मीडिया पर क्रियाशील रहते हैं. राव ने बताया कि युवाओं की सोशल मीडिया पर क्रियाशीलता का उपयोग करने के लिए फेसबुक व्हाट्सअप, ट्वीटर, यू-ट्यूब अकाउंट बनाए गए हैं.  विधानसभा चुनाव की स्वीप गतिविधियों को भी सोशल मीडिया पर प्रचारित किया जा रहा है. 
दिए जाएंगे वीडियो संदेश
निर्वाचन पदाधिकारी राव ने बताया कि जिला स्तर पर मतदान बढ़ाने के लिए कालेजों, माल और अन्य सार्वजनिक स्थानों से युवाओं को मतदाता जागरूकता वीडियो संदेश जारी किये जाएंगे. बुद्धिजीवियों, डाक्टर, इंजीनियर, दिव्यांगजन, महिलाओं से मतदान करने के संदेश, गीत, कविताएं, रंगोली प्रतियोगिताएं भी कराए जाएंगे. महिलाओं का मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए घरेलू एवं कामकाजी महिलाओं के वीडियो संदेश जारी किए जा रहे हैं. विगत विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार मतदाता सूची का जेन्डर रेशो बढ़कर 917 हो गया है. महिला मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 40 लाख 76 हजार है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें