रविवार, 14 अक्टूबर 2018

भाजपा, कांग्रेस में दावेदार सक्रिय, सपा, बसपा को बागियों का इंतजार


भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस में टिकट के दावेदारों ने सक्रियता बढ़ाते हुए भोपाल के अलावा दिल्ली कूच कर दिया है. दोनों ही दलों के दावेदार इन दिनों दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं. वहीं बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी को भाजपा, कांग्रेस के बागियो का इंतजार है, इसके चलते दोनों ही दलों ने अपनी सूचियां फिलहाल जारी करना रोक दी हैं.
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए टिकट की दावेदारों को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में एक जैसी स्थिति निर्मित हो गई है. दोनों दलों द्वारा दावा तो किया जाता रहा है कि वे जल्द प्रत्याशियों की घोषणा करेंगे, मगर दावों पर कोई भी खरा नहीं उतर पा रहा है. कांग्रेस द्वारा पूर्व में नवरात्रि में प्रत्याशियों के नामों की घोषणा करने को कहा था, मगर फिर से वरिष्ठों के बीच नामों पर सहमति नहींं बनने से सूची रोक दी गई. अब सूची नवरात्रि के बाद ही जारी होने की बात कही जा रही है. कांग्रेस की दिल्ली में 17 अक्तूबर को होने वाली बैठक के बाद नामों की घोषणा किए जाने की बात कही जा रही है. सूची के जारी न होने के बाद दावेदारों ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के अलावा दिल्ली में अपने आकाओं के यहां दौड़ तेज कर दी है. आज भी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कमलनाथ दावेदारों से घिरे रहे.
भारतीय जनता पार्टी में भी दावेदारों की संख्या निरंतर बढ़ रही है. भाजपा में प्रदेश संगठन मंत्री सुहास भगत, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंंह के अलावा संघ पदाधिकारियों के यहां दावेदार पहुंचकर अपना दावा पेश करते हुए टिकट की मांग कर रहे हैं. हालांकि अभी भाजपा में सिर्फ संगठन और संघ द्वारा कराए गए सर्वे और शाह द्वारा कराए गए सर्वे के आधार पर यह कहा जा रहा है कि करीब 70 नामों पर मोहर लग गई है. संभावना यह जताई जा रही है कि भाजपा द्वारा अक्तूबर माह के अंत में सूची जारी की जा सकती है. सूची जारी होने के पूर्व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह इस मामले में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह और प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत से चर्चा करेंगे. बताया जा रहा है कि दो दिवसीय प्रवास के दौरान इन तीनों नेताओं से चर्चा कर प्रत्याशियों के नामों पर मोहर लगाई जाएगी.
सपा, बसपा ने रोकी सूचियां
बहुजन समाज पार्टी द्वारा 22 प्रत्याशियों की घोषणा करने के बाद जल्द ही दूसरी सूची जारी करने की बात कही जा रही थी, मगर अब बसपा ने कांग्रेस से गठबंधन न होने पर अपनी दूसरी सूची को रोक दिया है. बसपा नेताओं कहा कहना है कि संभाग प्रभारियों द्वारा दिए नामों पर लखनऊ में विचार किया जा रहा है, इसके बाद सूची जारी की जाएगी. वहीं समाजवादी पार्टी द्वारा दो सूचियां जारी कर 8 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी थी, इसके बाद सपा ने भी प्रत्याशी चयन प्रक्रिया को ठंडे में डाल दिया है. दोनों ही दलों को इस बात का इंतजार है कि भाजपा और कांग्रेस की सूचियां जारी होंं और उनके बागियों को वे अपने दल में शामिल करके टिकट दें. 
दिग्विजय से मिलने लगी लंबी लाईन
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भोपाल आने की खबर के बाद टिकट के दावेदारों की लंबी कतार वे जिस होटल में रुके थे, वहां लग गई.  दरअसल कांग्रेस की छानबीन समिति में सिंह को शामिल किए जाने के बाद यह खबर जब उनके समर्थकों और टिकट के दावेदारों को लगी तो शनिवार को जब सिंह भोपाल पहुंचे तो उनसे मिलने बड़ी संख्या में टिकट के दावेदार भी पहुंचे. वे जिस होटल में ठहरे थे, वहां पर लंबी कतार लग गई. माहौल को देख पुलिस को वहां पहुंचना पड़ा. हालांकि सिंह ने इन सभी से मुलाकात भी की और किसी को नाराज नहीं किया, लेकिन किसी को वे आश्वस्त भी नहीं कर पाए.करीब तीन घंटे तक सिंह ने इन लोगों से मुलाकात की थी.
गोंगपा ने निरस्त कर दी सूची
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी में एक बार फिर बिखराव के आसार नजर आने लगे हैं. गोंगपा द्वारा बीते दिनों 22 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी गई थी. प्रदेश अध्यक्ष हरताप सिंह  द्वारा जारी की इस सूची को पार्टी के पदाधिकारियों के दबाव में आकर राष्ट्रीय अध्यक्ष हीरासिंह मरकाम को निरस्त करना पड़ा. इस सूची में सपा के साथ एक मंच पर हुए कार्यक्रम के दौरान जो वादे किए थे, उन सीटों पर भी गोंगपा ने प्रत्याशी घोषित कर दिए थे. इसके कारण विरोध होने लगा था. अब गोंगपा द्वारा 17 अक्तूबर के बाद ही सूची जारी किए जाने की बात कही जा रही है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें