आम आदमी पार्टी के बढ़ते जनाधार को देखते हुए अन्य दलों के दिग्गज नेताओं का आप से जुड़ने का सिलसिला लगातार जारी है. इसी क्रम में आज भाजपा के दिग्गज नेता और सतना के दो बार सांसद रहे रामानंद सिंह के बेटे राजवंश सिंह ने आप की सदस्यता ग्रहण की है. इसके अलावा बसपा के प्रदेश महासचिव रहे विदय राज मालवीय ने भी आप का दामन थामा है. साथ ही बैगा समाज के नेता और वरिष्ठ समाजसेवी गिरधारी बैगा ने भी आम आदमी पार्टी की सदस्यता ली.
आम आदमी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आज तीनों नेताओं को पार्टी के प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल ने पार्टी की सदस्यता दिलाई. सदस्यता लेने के लिए रामानंद सिंह के बेटे राजवंश तो नहीं आए, मगर उन्होंने अपने बेटे अनुराग को भेज कर यह पुष्टि मीडिया के सामने की कि उन्होंने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है.पारिवारिक कारणों से राजवंश सिंह कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके, उनके प्रतिनिधि के रूप में बेटे अनुराग सिंह मौजूद थे. अनुराग ने कहा कि हमारा परिवार बरसों से राजनीति के माध्यम से समाजसेवा कर रहा है. मौजूदा समय में आम आदमी पार्टी ही एकमात्र उम्मीद प्रदेश वासियों के लिए है. इस पार्टी से जुड़कर हम क्षेत्र के विकास और भ्रष्टाचार मुक्त प्रदेश की अवधारणा को मजबूत करेंगे.
बसपा में छात्र संगठन के प्रदेश सचिव और प्रदेश महासचिव रह चुके विद्यराज फिलहाल आदि महाराजा बली पुनुरोत्तथान कल्याण संघ के अध्यक्ष हैं. उन्होंने कई सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम चलाए हैं और पदयात्राएं भी की हैं. इस मौके पर विद्यराज मालवीय ने कहा कि आम आदमी पार्टी मध्य प्रदेश में बदलाव की राजनीति कर रही है. भाजपा और कांग्रेस ने लगातार प्रदेश को लूटा है और भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा है. आम आदमी पार्टी इस लूट और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने वाली एकमात्र पार्टी है. इसलिए राजनीतिक रूप से अब पार्टी के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेंगे.
गिरधारी बैगा ने बताया कि वे लंबे समय से राजनीति और समाजसेवा में हैं, लेकिन किसी दल से सीधे तौर पर नहीं जुड़े रहे हैं. आम आदमी पार्टी के सिद्धांत और विचारधारा से प्रभावित होकर वे आप की सदस्यता ले रहे हैं.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें