बुधवार, 17 अक्टूबर 2018

40 से कम उम्र के 59 युवाओं को टिकट दिया आप ने



विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने अब तक 148 प्रत्याशी घोषित किए हैं, इनमें वकील, इंजीनियर, एमबीए, किसान नेता, दलित, आदिवासी समेत महिलाओं की खासी संख्या है. पार्टी ने 40 से कम उम्र के 59 युवाओं पर भरोसा जताया और उन्हें टिकट दिया है. 
प्रत्याशियों के चयन के बारे में बात करते हुए आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक अग्रवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी का मानना है कि राजनीतिक प्रक्रिया में हर समूह की बराबर भागीदारी होनी चाहिए. पार्टी ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर जो टिकट वितरण किया है, उसमें यह ख्याल रखा है कि सभी समूहों की राजनीतिक आवाज को तरजीह दी जाए. आने वाले दिनों में जो बाकी 82 प्रत्याशी घोषित किए जाएंगे, उनमें उन तबकों के प्रत्याशियों की संख्या ज्यादा होगी, जिन्हें अब तक कम तरजीह मिली है. 
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने अब तक घोषित किए 148 प्रत्याशियों में 23 आईआईटियन, इंजीनियर, एमबीए, 22 आदिवासी, 19 दलित नेता, 16 किसान नेता, 14 वकील, 13 महिलाएं, 10 सेवानिवृत सैनिक और सरकारी अधिकारी, 5 खिलाड़ी, कोच या खेल से जुड़ी शख्सियत, और 4 अल्पसंख्यक शामिल हैं. अग्रवाल ने कहा कि इसके अलावा पार्टी ने ज्यादातर युवाओं को चुनावी मैदान में उतारा है. हम मानते हैं कि बदलाव की इच्छाशक्ति और सोच युवाओं में ज्यादा होती है और हम सत्ता नहीं, बल्कि व्यवस्था बदलने के लि चुनावी मैदान में उतरे हैं, जिसे युवाओं के माध्यम से ही संभव बनाया जाएगा. उन्होंने बताया कि पार्टी ने 40 साल से कम उम्र के 59 युवाओं को विभिन्न विधानसभाओं में प्रत्याशी बनाया गया है. यही नहीं इनमें से 4 युवा तो 30 से कम उम्र के हैं, इसके अलावा 40 से 50 की उम्र के 54 प्रत्याशी भी मैदान में हैं.  50 से 60 वर्ष की उम्र वाले प्रत्याशियों की संख्या 21 है. इसी तरह 60 से अधिक उम्र के 14 प्रत्याशियों के अनुभव को तरजीह दी गई है. उन्होंने कहा कि इस तरह देखा जाए तो आम आदमी पार्टी के 148 में से 113 प्रत्याशी 50 से कम उम्र के हैं. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें