रविवार, 20 मई 2018

थम गए 108 के पहिए, स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराई

राजधानी में एक फिर 108 एंबुलेंस के पहिए थम गए. एंबुलेंस कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से आज स्वास्थ्य व्यवस्था पर असर पड़ा. कर्मचारियों द्वारा वेतन में कटौती किए जाने के विरोध में यह हड़ताल की है.
राजधानी में 108 एंबुलेंस और कंपनी जिगित्सा के बीच फिर लड़ाई शुरु हो गई है. कंपनी द्वारा अघोषित रुप से वेतन काट लिए जाने के विरोध में कर्मचारियों ने हड़ताल शुरु कर दी है. हड़ताल का असर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर देखने को मिला है. वेतन कटौती से नाराज कर्मचारियों ने आज सुबह ईदगाह हिल्स स्थित जिगित्सा हेल्थ केयर के कार्यालय पर वाहनों को खड़ा कर दिया. कर्मचारियों का आरोप है कि पिछली बार की तरह इस बार भी कर्मचारियों का कंपनी ने अघोषित रुप से वेतन काट लिया है.इसके विरोध में आधी रात से कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया है. राजधानी के अलावा पूरे प्रदेश में कर्मचारियों ने हड़ताल शुरु कर दी है.एनएचएम या ठेका कंपनी ने कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने के बाद मरीजों का अस्पताल लाने, ले जाने की किसी तरह की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की है.  इस वजह से स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है. लोग परेशान होते नजर आ रहे हैं.
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश में जिगित्सा कंपनी द्वारा 108 एंबुलेंस का संचालन किया जाता है. इसके पूर्व भी कंपनी द्वारा वेतन कटौती के अलावा कर्मचारियों की अन्य मांगों को लेकर कंपनी और कर्मचारियों के बीच हड़ताल की स्थिति निर्मित हुई. बाद में मामला सुलझ गया, मगर इस बार फिर कर्मचारी कंपनी द्वारा काटे गए वेतन को लेकर नाराज हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें