मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आज महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी पर सवार होकर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हो रही लगातार वृद्धि का विरोध किया. इस दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं की झड़प भी हुई.देशभर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हो रही वृद्धि का विरोध तेज हो रहा है. इसके तहत मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस ने विरोध करना तेज कर दिया है. सोमवार को भोपाल जिला कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन के बाद आज मंगलवार को राजधानी में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष संतोष कंसाना के नेतृत्व में यह विरोध प्रदर्शन किया. इसके तहत महिला कांगे्रस की कार्यकर्ताओं ने रोशनपुरा चौराहे पर एकत्रित होकर बैलगाड़ी में सवार हुई. इन महिला कार्यकर्ताओं ने केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकारों के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की. महिला कांग्रेस के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि केन्द्र की मोदी सरकार ने जनता के साथ धोखा किया है. रोशनपुरा चौराहे पर जब कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं द्वारा मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की गई तो पुलिस ने उन्हें रोका. इस दौरान पुलिस और महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई.
उल्लेखनीय है कि चुनावी साल में विपक्ष सरकार को घेरने के लिए किसी भी मुद्दे को छोड़ना नहीं चाह रहा है. कांग्रेस द्वारा प्रदेशभर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हुई वृद्धि के विरोध में प्रदर्शन किया जा रहा है. मंगलवार को राजधानी भोपाल में 82.57 रुपए लीटर पेट्रोल की कीमत थी, जबकि डीजल की कीमत 71.66 रुपए रही. यह अब तक की सबसे ज्यादा कीमत रही.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें