राष्ट्रीय महामंत्री आएंगे 23 को, प्रदेश संगठन की चुनावी तैयारियों का लेंगे जायजाकर्नाटक में सरकार न बनने के बाद अब मध्यप्रदेश भाजपा को लेकर दिल्ली संगठन सक्रिय हो गया है. प्रदेश भाजपा संगठन की चुनावी तैयारियों की जानकारी लेने के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व ने राष्ट्रीय महामंत्री डा. अनिल जैन को 23 मई को भोपाल भेजने का फैसला लिया है. डा. जैन प्रदेश पदाधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे इसके अलावा वे चुनाव प्रबंध समिति और कोर ग्रुप की बैठक भी लेंगे.
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह वैसे तो मध्यप्रदेश विधानसभा को लेकर पूर्व से ही सक्रिय नजर आ रहे हैं. वे यहां पर प्रदेश संगठन को कसावट करने के अलावा खुद कमान संभाले हुए हैं. कर्नाटक में सरकार न बना पाने के बाद अब वे मध्यप्रदेश में पूरी ताकत लगा रहे हैं. शाह ने मध्यप्रदेश संगठन की चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के लिए 23 मई को पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री डा. अरुण जैन को भोपाल भेजने का फैसला लिया है. डा. जैन 23 को राजधानी पहुंच रहे हैं. वे यहां पर पूरे दिन संगठन पदाधिकारियों के अलावा मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों से भी चर्चा करेंगे. इसके अलावा कोर ग्रुप और चुनाव प्रबंध समिति के साथ भी वे बैठकें कर चुनाव की रणनीति के बारे में जानेंगे. डा. जैन अपने इस एक दिवसीय दौरे में मध्यप्रदेश संगठन की तैयारियों का जायजा लेंगे. इसके बाद वे शाह को दिल्ली जाकर इसकी जानकारी देंगे. सूत्रों की माने तो जल्द ही प्रदेश में शाह अपनी टीम को सक्रिय करने जा रहे हैं. वे मध्यप्रदेश के अलावा छत्तीसगढ़ में भी इसी तरह की तैयारी कर रहे हैं.
डा. जैन के पूर्व राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सौदानसिंह भी मध्यप्रदेश का तीन दिवसीय दौरा कर चुके हैं. उन्होंने तीन दिनों तक लगातार प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा कार्यकर्ताओं से तक जानकारी ली थी. इसके बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को अपनी रिपोर्ट पेश की थी, जिसमें कार्यकर्ताओं की नाराजगी के बारे में भी उन्होंने जानकारी दी है. इसके बाद शाह ने अब डा. जैन को मध्यप्रदेश भेजकर संगठन की चुनावी तैयारियों के अलावा कार्यकर्ता और संगठन के बीच तालमेल की जानकारी को जुटाने को कहा है.
तोमर, शिवराज की हो चुकी है चर्चा
डा. अरुण जैन के मध्यप्रदेश आने के कार्यक्रम के तय होने के पूर्व शुक्रवार को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और केन्द्रीय मंत्री एवं चुनाव प्रबंध समिति के संयोजक नरेन्द्र सिंह तोमर के बीच करीब 2 घंटे की चर्चा हो चुकी है. ें दोनों नेताओं ने चुनावी तैयारियों और रणनीति के बारे में चर्चा की है. मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद तोमर ने प्रदेश संगठन मंत्री सुहास भगत से भी प्रदेश कार्यालय में चर्चा की थी. इन चर्चाओं में चुनावी तैयारियों के अलावा प्रदेश में चल रही विकास यात्राओं पर भी चर्चा की. वहीं पार्टी के भीतर चुनावी रणनीति के तहत कमेटियों के गठन पर भी विचार किया. इसके अलावा प्रदेश संगठन द्वारा वरिष्ठ नेताओं के अनुभव का लाभ चुनाव में संगठन किस तरह उठाए इस पर भी मंथन किया गया.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें