शनिवार, 19 मई 2018

भावांतर योजना में ठगा रहा है ‘‘अन्नदाता’’


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि सरकार द्वारा चलायी जा रही भावांतर योजना किसानों के लिए घाटे का सौदा साबित हो रही है. किसान परेशान हो रहा है और शिवराज सरकार विकास यात्राओं में लगी है.
कमलनाथ ने कहा कि भावांतर योजना के माध्यम से भाजपा सरकार सिर्फ व्यापारियों को फायदा पहुंचा रही है. किसान लगातार ठगा रहा है. उसे फसलों के दाम कम मिल रहे हैं. यह बात कांग्रेस ने कई बार दोहरायी है. भाजपा और उसके नेताओं ने भी यही बात कही है. लेकिन शिवराजसिंह के कान में जूं तक नहीं रेंग रही है. उनकी जिद के कारण किसानों को ठगने वाली भावांतर योजना आज भी चालू है.
कमलनाथ ने कहा मंडियों मंे किसान फसल बेचने के लिए परेशान हो रहे हैं. खरीदी में व्यापारियांे की मनमर्जी चल रही है. किसानों को तो फसल के दाम कम मिल रहे हैं लेकिन व्यापारियों को फायदा हो रहा है. पहले लहसुन भावांतर योजना के अंतर्गत खरीदी गयी, जिसके भाव दो रूपये किलो तक गिर गये. अब प्याज इस योजना के अंतर्गत खरीदी जा रही है जिसके भाव तीन से चार रूपये प्रतिकिलो हो गये. श्री नाथ ने कहा कि भावांतर योजना किसान विरोधी है. यह किसानों के लिए घाटे का सौदा है और व्यापारियों के लिए फायदे का.
कमलनाथ ने कहा कि इस भीषण गर्मी में किसान अपना चना और गेहूं बेचने के लिए मंडियों के बाहर लाईन लगाकर तुलाई के लिए खड़ा है. लेकिन तीन से चार दिन तक उसका नंबर नहीं आ रहा है. अभी हाल ही में विदिशा के लटेरी तहसील में गर्मी के कारण एक किसान की जान भी चली गई. लेकिन सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ा. उन्होंने मांग की है कि शिवराज सरकार में यदि थोड़ी भी संवेदनशीलता है तो विकास यात्राऐं छोड़ पहले वह खरीदी केंद्र बढ़ाये और मंडियों में चल रही अव्यवस्था को सुधारकर किसानों को राहत प्रदान करें.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें