शनिवार, 19 मई 2018

प्रवक्ताओं और पैनेलिस्ट प्रचार विधा के गुर सिखाये जायेंगे

   
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ रविवार बीस मई को प्रदेश कांग्रेस के नव-नियुक्त प्रवक्ताओं और मीडिया पैनेलिस्ट के साथ-साथ जिला प्रवक्ताओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सुबह साढे नौ बजे करेंगे. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता पवन खेड़ा और प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया भी संबोधित करेंगे. 
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी मानक अग्रवाल ने यह जानकारी देते हुए बताया है कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों को सशक्त तर्क और प्रामाणिक आंकड़ों के माध्यम से जनता के बीच ले जाने के लिए कांग्रेस ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है. इस पर अभी और कार्य किया जा रहा है. इस काम को अमली जामा पहनाने के लिए ही नव-नियुक्त प्रवक्ता और मीडिया पैनेलिस्ट का प्रबोधन कार्यक्रम भोपाल में आयोजित किया गया है. 
प्रशिक्षण के दौरान टैलेंट हंट प्रक्रिया का संक्षिप्त परिचय समन्वयक मृणाल पंत देंगे. प्रवक्ता अमिनुल खान सूरी, मिथुनसिंह अहिरवार और पैनेलिस्ट पंकज शर्मा तथा रिसर्च विभाग के सावन कुमार श्रीवास्तव नव-नियुक्त प्रवक्ता और पैनेलिस्ट की चयन प्रक्रिया के अनुभव के बारे में बतायेंगे. प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी मीडिया के साथ संवाद में राजनैतिक कौशल के बारे में जानकारी देंगे. इसके अलावा प्रवीण मिश्रा विस्तृत रूप से विभिन्न सत्रों में बतायेंगे कि किस विधा के साथ कांग्रेस का संदेश मीडिया और अन्य माध्यमों से जनता तक पहुंचाना है. 
सत्र समापन के पूर्व ‘‘राजनैतिक दल के प्रवक्ताआंे से मीडिया की अपेक्षाऐं’’ विषय पर केंद्रित पैनल डिस्कशन होगा, जिसमें वरिष्ठ पत्रकार और राजनैतिक विश्लेषक अपनी बात रखेंगे.
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की असफलताऐं उजागर करने के साथ-साथ विधानसभावार स्थानीय समस्याओं को चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी कांग्रेस ने की है. कांग्रेस ने तहसील स्तर पर भाजपा सरकार द्वारा की गई बारह हजार झूठी घोषणाओं की पहचान की है, जिस पर सरकार ने आज तक कोई कार्यवाही नहीं की. जिला प्रवक्ताओं के माध्यम से किसान आत्महत्या, शराब की दुकानें, बलात्कार, महिलाओं पर अत्याचार, फर्जी भर्तियां, बेरोजगारी, भावांतर योजना, मजदूरों का शोषण, मनरेगा, तेंदूपत्ता संग्राहकों का शोषण, युवाओं के साथ छलावा, किसानों पर गोलीचालन, शिक्षकों और नेत्रहीनों पर लाठीचार्ज, व्यापमं और सिंहस्थ महाघोटाला, नमामि देवी नर्मदा यात्रा में फर्जीवाड़ा, सरकारी कर्मचारियों की पिटाई, प्रशासनिक अराजकता, सहित उन तमाम कारगुजारियों के आंकड़े एकत्र किये जा रहे हैं. इसमें कांग्रेस के नव-नियुक्त प्रवक्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी.      

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें