रविवार, 20 मई 2018

प्रशिक्षण में नारेबाजी पर नाराज हुए बावरिया

 कहा यह सभा नहीं, यहां न लगाएं नारे
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आज नवनियुक्त प्रवक्ताओं, मीडिया पैनलिस्टों के प्रशिक्षण के दौरान हुई नारेबाजी से प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी दीपक बावरिया खफा हो गए. बावरिया ने हिदायत दी कि यह सभा नहीं है, यहां नारे न लगाएं.
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आज नवनियुक्त प्रवक्ताओं, मीडिया पैनलिस्टों का प्रशिक्षण था. इस प्रशिक्षण में प्रदेशभर से आए प्रवक्ताओं और मीडिया पैनलिस्टों में से कमलनाथ समर्थकों ने प्रशिक्षण शुरु होते ही कमलनाथ के समर्थन में नारेबाजी कर दी. इस नारेबाजी को देख प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी दीपक बावरिया खफा हो गए. उन्होंने नारेबाजी करने वालों को हिदायत दी कि यह सभा नहीं है, यहां नारेबाजी न की जाए. बाबरिया ने कहा कि यह संगठन का कार्यक्रम है और यहां अनुशासन बनाए रखें. 
बावरिया ने कहा कि कमलनाथ के पास अनुभव है तो ज्योतिरादित्य सिंधिया के पास युवा जोश है. उन्होंने कहा कि जनता कमलनाथ को मुख्यमंत्री के रुप में देखना चाहती है. उन्होंने कहा कि पार्टी को प्रदेश में कांगे्रस की जीत के लिए एकजुट होकर मैदान में उतरना होगा. बावरिया ने कहा कि प्रवक्ता का पद बड़ा ही संवेदनशील होता है. उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस की साजिश रहते है कि वे दूसरे दलों में अपने लोगों को भेज देते हैं, और षडयंत्र रचते हैं. बावरिया ने कहा कि हमें यह नहीं करना है. हमने जिसे चुना है, उस पर हमें विश्वास रखना है, कतई अविश्वास नहीं करना है. उन्होंने कहा कि प्रवक्ता इस बात का ध्यान रखें कि जब वे बोलें तो पूरी तरह से विषय पर अध्ययन होना चाहिए साथ ही वे क्या बोल रहे हैं, उसके तथ्यों पर भी उन्हें ध्यान रखना होगा.  बावरिया ने कहा कि भाजपा के प्रवक्ता सदैव चुनाव के वक्त इमोशनली मुद्दे उठाते हैं, वे घर वापसी जैसे मुद्दे उठाकर जनता के बीच पहुंचते हैं, लेकिन हमें ऐसा नहीं करना है. हमें गरीब और विकास के मुद्दों पर ध्यान देना है.
गौ रक्षा के लिए कानून हाथ में लेना गलत
 प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि प्रवक्ताओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम रखा है, जिसमें उनको भाजपा का झूठ उजाकर करने के लिए प्रशिक्षित किया गया है वहीं सतना में गौ हत्या के शक में युवक की हत्या के मामले में भी कमलनाथ का कहना है कि यह दुख की बात है हम सब गौ हत्या के विरोध में हैं.  हम सब गौ रक्षा के पक्ष में हैं, हमें गौ रक्षा के प्रयास सबको मिलकर करना चाहिए, लेकिन कानून हाथ में नहीं लेना चाहिए कोई दोषी हो या न हो कानून हाथ में लेकर उस पर गौ हत्या के नाम पर जुल्म करें ये बहुत गलत बात है.
यादव की नाराजगी बरकरार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए गए अरुण यादव की नाराजगी अब भी बरकरार है. वे राजधानी भोपाल में रहते हुए भी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से दूरी बनाए हुए हैं. आज  राजधानी में यादव समाज के प्रादेशिक सम्मेलन में शामिल होने वे पहुंचे थे. यहां पर उनके पहुंचने पर समर्थकों ने उन्हें घेर लिया और जमकर नारेबाजी की. यादव समर्थकों ने सम्मेलन स्थल पर यादव समाज द्वारा उनका स्वागत किया. इसके पूर्व प्रदेशभर से आए यादव समाज के पदाधिकारियों के अलावा युवाओं ने यादव के निवास पर जाकर उनके एकांत में चर्चा की.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें